ड्रग्स के खिलाफ अभियान पर किरण बेदी ने पूर्वी चंपारण एसपी स्वर्ण प्रभात को सराहा
देश की पहली महिला आईपीएस किरण बेदी ने पूर्वी चंपारण के एसपी स्वर्ण प्रभात के ड्रग्स विरोधी अभियान की सराहना ...और पढ़ें

आइपीएस किरण बेदी की फाइल फोटो व उनकी पोस्ट।
जागरण संवाददाता, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। Kiran Bedi Praises Swarn Prabhat: युवा पीढ़ी को ड्रग्स से बचाने के लिए पूर्वी चंपारण में चलाए गए विशेष अभियान की देश की पहली महिला आइपीएस किरण बेदी ने सराहना की है।
उन्होंने एक्स पर पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात की प्रशंसा की। अपने पोस्ट में उन्होंने स्वर्ण प्रभात और उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं दी हैं।
एक्स पर की प्रशंसा
किरण बेदी ने एक्स पर लिखा, ‘शानदार कार्य के लिए हार्दिक आभार। आप इसी तरह लगातार सफलता प्राप्त करते रहें।’ उन्होंने कहा कि अपने उद्देश्य के प्रति ईमानदारी और दृढ़ संकल्प सफलता की कुंजी है। उन्होंने आइपीएस स्वर्ण प्रभात और उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
दो साल में 100 से अधिक सजा
बिहार में नशा माफिया के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को धार देने के लिए एसपी स्वर्ण प्रभात ने 16 सितंबर 2024 को पूर्वी चंपारण की कमान संभालने के साथ नशे के खिलाफ अभियान लगातार चलाने का संकल्प लिया था।
इसके बाद जिले में ड्रग्स माफिया के विरुद्ध चलाए गए अभियान में पकड़े गए 100 से अधिक लोगों को सजा हुई। इस दौरान करीब 52 करोड़ रुपये के मादक पदार्थों की जब्ती की गई।
लापरवाही पर हुई कार्रवाई
नशे के खिलाफ अभियान की एसपी स्तर से लगातार निगरानी की गई। पुलिसकर्मी या अधिकारी के स्तर पर लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की गई। नशे के सौदागरों से संपर्क में आने वाले कई दारोगा और थानाध्यक्ष निलंबित किए गए।
संपत्ति जब्ती का प्रस्ताव
इनमें आदापुर के एक अपर थानाध्यक्ष और पीपरा थाना के थानाध्यक्ष व एक दारोगा समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। नशे से अवैध संपत्ति बनाने वाले कई लोगों की संपत्ति जब्त करने के लिए पुलिस अधीक्षक की ओर से पुलिस मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है।
