विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महाकाल और साईं भक्तों के लिए खुशखबरी, 1 सितंबर से चलेगी भारत गौरव ट्रेन; चेक करें रूट और किराया

Published: Thu, 13 Aug 2026 03:13 PM (GMT+05:30)

आईआरसीटीसी ने 'देखें अपना देश' अभियान के तहत ज्योतिर्लिंग और शिर्डी साईं दर्शन के लिए भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन की ...और पढ़ें

भारत गौरव ट्रेन से करें चार ज्योतिर्लिंग और शिर्डी साईं के दर्शन यात्रा

भारत गौरव ट्रेन से करें चार ज्योतिर्लिंग और शिर्डी साईं के दर्शन यात्रा

HighLights

  1. IRCTC की भारत गौरव ट्रेन से ज्योतिर्लिंग और शिर्डी दर्शन यात्रा।

  2. यह 9 दिवसीय यात्रा 1 सितंबर को बेतिया से शुरू होगी।

  3. महाकालेश्वर, त्र्यंबकेश्वर, घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग और शिर्डी साईं मंदिर शामिल।

संवाद सहयोगी, मोतिहारी। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम लिमिटेड (आईआरसीटीसी) द्वारा देखने अपना देश और एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के तहत ज्योतिर्लिंग दर्शन एवं शिर्डी साईं दर्शन यात्रा स्पेशल भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन चलाने की घोषणा की है।

आईआरसीटीसी के चीफ सुपरवाइजर संजीव कुमार ने बुधवार को मोतिहारी में बताया कि 8 रात और 9 दिनों की यह सर्वसमावेशी यात्रा 01 सितंबर को बेतिया से वाया सुगौली-रक्सौल होकर रवाना होगी।

इस विशेष यात्रा पैकेज के तहत श्रद्धालुओं को उज्जैन के महाकालेश्वर व ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, नाशिक के त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, शिरडी के श्रीसाईं बाबा मंदिर तथा छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) स्थित घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं ऐतिहासिक एलोरा की गुफाओं के दर्शन कराए जाएंगे।

ट्रेन में कुल 12 कोच समायोजित किए गए हैं, जिसमें थ्री एसी के तीन, टू एसी के दो, स्लीपर क्लास के सात एवं एक पैंट्री कार कोच होंगे। यह ट्रेन श्रद्धालुओं को एक ही यात्रा में देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराएगी।

ट्रेन का रूट

इस यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए ट्रेन में चढ़ने और उतरने हेतु रक्सौल, बेतिया, सुगौली, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, दिलदारनगर, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन और प्रयागराज छिवकी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर सुविधाएं दी गई हैं।

ट्रेन का किराया

स्लीपर श्रेणी के लिए प्रति यात्री 18,160 रुपये रखा गया है। जिसमें यात्रियों को स्लीपर क्लास ट्रेन यात्रा, नॉन-एसी होटल ठहराव, आनबोर्ड व आफबोर्ड शुद्ध शाकाहारी भोजन, तथा नॉन-एसी वाहनों से दर्शन शामिल है।

वहीं, स्टैंडर्ड क्लास (3 एसी) का प्रति यात्री किराया 32,550 रुपये रखा गया है। जिसमें यात्रियों को थ्री एसी ट्रेन यात्रा, एसी होटल ठहराव, शाकाहारी भोजन तथा एसी वाहनों से दर्शन कराया जाएगा, जबकि 2 एसी का प्रति यात्री किराया 39,425 रुपये रखा गया है।

टुरिज्म स्टाफ मुकेश कुमार ने बताया कि आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट अथवा हेल्पलाइन नंबर 91 8595937731 / 32 पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं, मोतिहारी में बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी के कंसल्टेंट सह पूर्व एसएस दिलीप कुमार से संपर्क कर सकते हैं।