पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि में ट्रैक्टर और स्कॉर्पियो की टक्कर, दो युवकों की मौत
पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में रविवार रात ट्रैक्टर और स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में ...और पढ़ें

दोनों घायलों का मोतिहारी के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। हरसिद्धि थाना क्षेत्र के गायघाट के पास रविवार की रात ट्रैक्टर और स्कॉर्पियो की टक्कर में स्कॉर्पियो सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य जख्मी हो गए।
हादसे में मृतकों की पहचान हरसिद्धि थाना क्षेत्र के सेवराहा गांव निवासी मुरारी सिंह के पुत्र अंकित कुमार (30) और इसी गांव के शुभम कुमार (28) के रूप में हुई है। दोनों घायलों का मोतिहारी के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि दोनों शवों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में दो की मौत
जानकारी के अनुसार, चारों युवक रविवार की रात स्कॉर्पियो से मोतिहारी के लिए निकले थे। इसी दौरान गायघाट के पास उनकी स्कॉर्पियो की भूसा लदे ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो सवार चारों युवक जख्मी हो गए और हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
घायलों को इलाज के लिए मोतिहारी लाया जा रहा था, इसी दौरान अंकित कुमार और शुभम कुमार ने दम तोड़ दिया। वहीं, दो अन्य घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों की पहचान की जानकारी नहीं मिल सकी है।
गांव में पसरा मातम
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। अरेराज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस बल को भेजा गया था और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
हादसे की खबर से सेवराहा गांव में शोक का माहौल है। मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
