विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

East Champaran : दादा ने पोती को मौत के मुंह से खींचा, खुद गंवानी पड़ी जान

Published: Sun, 20 Sep 2026 07:36 PM (IST)

पूर्वी चंपारण के रघुनाथपुर गांव में एक दादा ने अपनी 12 वर्षीय पोती को बिजली के नंगे तार से बचाने ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. दादा ने 12 वर्षीय पोती को बिजली के नंगे तार से बचाया।

  2. पोती को बचाते हुए दादा खुद करंट की चपेट में आ गए।

  3. अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दादा ने दम तोड़ दिया।

संवाद सहयोगी, चिरैया (पूर्वी चंपारण)। पोती की चीख सुनकर दादा दौड़े और बिना अपनी जान की परवाह किए उसे बचाने में जुट गए। उन्होंने बिजली के नंगे तार की चपेट में आई 12 वर्षीय पोती को तो करंट से छुड़ा लिया, लेकिन खुद तार के संपर्क में आ गए।

करंट लगने से वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। स्वजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद रघुनाथपुर गांव में मातम पसरा है।

पोती को बचाने दौड़े दादा

घटना रविवार दोपहर की है। रघुनाथपुर गांव निवासी 65 वर्षीय सुरेश सिंह ने हाल में नया घर बनवाया था और उसमें रहना शुरू किया था। घर की बिजली वायरिंग का काम अभी पूरी तरह व्यवस्थित नहीं हुआ था। उनकी 12 वर्षीय पोती अनिशा कुमारी किसी काम से घर के अंदर गई थी। इसी दौरान वह बिजली के नंगे तार की चपेट में आ गई और चीखने लगी।

खुद करंट की चपेट में आए

पोती की आवाज सुनकर सुरेश सिंह उसे बचाने के लिए दौड़े। उन्होंने काफी प्रयास कर अनिशा को तार से अलग कर दिया। पोती तो करंट की चपेट से बच गई, लेकिन इसी दौरान सुरेश सिंह स्वयं नंगे तार के संपर्क में आ गए। तेज करंट लगने से वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।

रास्ते में थम गई सांसें

परिजन आनन-फानन में उन्हें मीरपुर स्थित निजी क्लिनिक लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, मोतिहारी रेफर कर दिया। स्वजन उन्हें लेकर मोतिहारी जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सुरेश सिंह किसान थे। उनके परिवार में चार पुत्र और एक पुत्री हैं। सभी की शादी हो चुकी है। पत्नी कलावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। स्वजन के अनुसार, सदमे के कारण उन्हें बार-बार बेहोशी के दौरे पड़ रहे हैं। घटना की पुष्टि पूर्व पंचायत समिति सदस्य बंका सिंह ने की है।