प्रेमी का मर्डर कर विदेश भाग रही थी प्रेमिका, पूर्वी चंपारण का मामला
Bihar Crime बनकट बैरिया में युवक की चाकू गोदकर हत्या दो युवकों के साथ नेपाल भाग रही युवती गिरफ्तार। मृतक चमन का सेलफोन व बाइक बरामद। पुलिस कर रही मामले की जांच पड़ताल। रामगढ़वा पुलिस ने जाल बिछाकर किया गिरफ्तार।
मोतिहारी, जासं। मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बनकट बैरिया गांव के पास रविवार की देर रात एक युवक की चाकू गोद हत्या कर दी गई। मृतक चमन पटेल छतौनी थाना क्षेत्र के बड़ा बरियारपुर का रहने वाला बताया गया है। मामले में पुलिस ने चमन की प्रेमिका बरियारपुर निवासी शिल्पी को भी गिरफ्तार कर लिया है। चमन का सेलफोन व काले रंग की अपाची बाइक बरामद कर ली गई है। बताया जाता है कि हत्या के बाद चमन की प्रेमिका अपने दो अन्य युवकों के साथ नेपाल की ओर भाग रही थी। इसी दौरान रामगढ़वा पुलिस ने जाल बिछाकर कर प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसके साथ जा रहे दोनों युवक भागने में सफल रहे। फरार युवक विवेक कुमार व अनिल कुमार बताए जाते हैं। उन दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। जानकारी के अनुसार चमन रात को नौ बजे कहीं से घर आया था। उसके स्वजन दुर्गापूजा मेला में गए थे। इसके बाद फिर वह अपनी पैशन प्रो बाइक से निकल पड़ा। पुलिस ने देर रात उसके स्वजनों को उसके घायल होने की सूचना दी और गश्ती टीम उसे सदर अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवती से छेड़खानी, आरोपित गिरफ्तार
मोतिहारी। शहर से सटे रघुनाथपुर ओपी क्षेत्र में गुरुवार को युवती के साथ छेड़खानी की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में युवती की मां ने पुलिस को आवेदन दिया है। गिरफ्तार आरोपी बंजरिया थाना क्षेत्र के चैलाहां पकड़िया गांव निवासी विश्वनाथ साह बताया गया है। गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
विभिन्न मामलों के आधा दर्जन आरोपी गिरफ्तार
छौड़ादानों। स्थानीय पुलिस ने शनिवार की रात थाना क्षेत्र के अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर दहेज प्रताड़ना के एक आरोपी तथा पांच वारंटियों समेत आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया। गिरफ्तार लोगों में दहेज प्रताड़ना मामले में आरोपित मलाही गांव निवासी रमेश सहनी,जुआफर गांव के वारंटी कृष्णा प्रसाद और जग्रनाथ प्रसाद तथा मलाही के ही सोनेलाल सहनी,लालबाबू सहनी,रामाशीष सहनी शामिल हैं। पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष ध्रुवनारायण ने बताया कि सभी गिरफ्तार लोगों को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं दरपा थाना पुलिस ने रविवार को भतनहिया गांव से हत्या के प्रयास मामले में आरोपित अशोक यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुष्टि करते थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।