घोड़ासहन थाने के शौचालय की खिड़की तोड़ गांजा तस्कर फरार
गांजा के साथ गिरफ्तार तीन तस्करों में से एक नेपाली तस्कर बुधवार को पूर्वी चंपारण के घोड़ासहन थाना स्थित शौचालय की खिड़की तोड़कर भाग निकला।
मोतिहारी। गांजा के साथ गिरफ्तार तीन तस्करों में से एक नेपाली तस्कर बुधवार को पूर्वी चंपारण के घोड़ासहन थाना स्थित शौचालय की खिड़की तोड़कर भाग निकला। फरार तस्कर अनिल मुखिया नेपाल के सिमरौनगढ़ ढाठ का निवासी बताया गया है। उसकी खोज में पुलिस की विशेष टीम छापेमारी कर रही है। साथ ही नेपाल पुलिस से संपर्क किया गया है।
मंगलवार की रात दस किलो गांजा व दो बाइक के साथ पुलिस ने तीन तस्कर क्रमश: नेपाल के ढाठ निवासी अनिल मुखिया, घोड़ासहन के रजवाड़ा निवासी अनिल कुमार राय एवं फुलेना राय को रजवाड़ा से गिरफ्तार किया। तीनों को थाना हाजत में रखा गया। बुधवार को नेपाल के अनिल ने शौच का बहाना किया। बगल के शौचालय में उसे ले जाया गया। इसी बीच वह हथकड़ी की रस्सी सरका खिड़की तोड़ भाग निकला। घटना की सूचना मिलने के साथ सिकरहना के पुलिस उपाधीक्षक डीएसपी आलोक कुमार थाना पहुंचे और मामले की जांच की। जांच के बाद डीएसपी ने एक टीम बनाकर तस्कर को गिरफ्तार करने का टास्क दिया।
पुलिस उपाधीक्षक ने कहा
पुलिस उपाधीक्षक,सिकरहना आलोक कुमार सिंह ने कहा कि घटना की जांच की गई है। पहले तस्कर को गिरफ्तार करने का टास्क दिया गया है। दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।