विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar News : काठमांडू से बीरगंज आ रही माइक्रोबस खाई में गिरी, चार की मौत, चार यात्री घायल

Published: Tue, 15 Sep 2026 09:53 PM (IST)

नेपाल में काठमांडू से बीरगंज जा रही एक इलेक्ट्रिक माइक्रोबस मकवानपुर में अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इस भीषण ...और पढ़ें

खाई में गिरी बस।

खाई में गिरी बस।

जागरण संवाददाता, रक्सौल (पूर्वी चंपारण)। नेपाल में मंगलवार दोपहर काठमांडू से बीरगंज आ रही एक इलेक्ट्रिक माइक्रोबस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 500 मीटर नीचे जा गिरी।

हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार आठ लोगों में से चार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से चार घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।

मकवानपुर के सुकौरा में हुआ हादसा

हादसा मकवानपुर जिले के इंद्रसरोवर ग्रामीण नगर पालिका-2 के सुकौरा में मंगलवार दोपहर हुआ। दुर्घटनाग्रस्त माइक्रोबस का रजिस्ट्रेशन नंबर मधेश प्रांत 03-001-जा-0720 बताया गया है। पुलिस के अनुसार माइक्रोबस सड़क से नीचे गिरकर काफी दूर तक चली गई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

चार यात्रियों की मौके पर मौत

हादसे में बारा जिले के 32 वर्षीय सरफरोस मियां, परसा जिले के 44 वर्षीय भुवनेश्वर साह कानू, धनुषा जिले के 43 वर्षीय सूरज भट्टाराई और कावासोती नवलपरासी पूर्व के 24 वर्षीय नर बहादुर सिंह की मौत हो गई।

तीन घायलों की हालत गंभीर

मकवानपुर जिला पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता डीएसपी माधव प्रसाद काफ्ले के अनुसार घायलों में मकवानपुर के हेटौंडा निवासी कल्पना तमांग, राजकुमार स्यांगतान और कलैया (बारा) निवासी चालक अमीर अंसारी (20) की हालत गंभीर है। तीनों का उपचार काठमांडू के ट्रामा सेंटर में चल रहा है। वहीं बारा की 21 वर्षीय बबिया कुमारी यादव का उपचार हेटौंडा अस्पताल में कराया जा रहा है।

एक घायल हेटौंडा, तीन काठमांडू भेजे गए

मकवानपुर के पुलिस अधीक्षक श्याम खत्री ने बताया कि बचाए गए चार लोगों में से एक को हेटौंडा अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर उपचार के लिए काठमांडू ले जाया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।