किसानों को फसल का नहीं मिल रहा उचित मूल्य
चार साल में केंद्र की भाजपा सरकार ने देश का बुरा हाल कर दिया है।
मोतिहारी। चार साल में केंद्र की भाजपा सरकार ने देश का बुरा हाल कर दिया है। जनता अपने को ठगा महसूस कर रही है। देश का संपूर्ण धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक ढांचा, न्यायपालिका, संविधान आदि पर लगातार हमले हो रहे है। एक तरफ किसान कर्ज को लेकर आत्महत्या कर रहे हैं तो दूसरी ओर पूंजीपतियों के कर्ज को सरकार माफ करती जा रही है। आम लोगों से यह सरकार भूमि, आवास, भोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार व पेंशन का अधिकार छीनती जा रही है। उक्त बातें कचहरी चौक स्थित आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष धरना को संबोधित करते हुए सोमवार को भाकपा नेताओं ने कही। वक्ताओं ने कहा कि पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे है। वर्षा नहीं होने के कारण धान की रोपनी नहीं हो पा रही है। जिले में सुखाड़ की स्थिति बनती जा रही है। वहीं किसानों को उनके फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा। जिले में शिक्षा व स्वास्थ्य की भी स्थिति चरमरा गई है। सदर अस्पताल में मरीज बेहतर इलाज के अभाव में मर रहे है। सभा की अध्यक्षता विश्वनाथ यादव ने की। धरना सभा को संबोधित करने वालों में विजय शंकर ¨सह, शंभूशरण ¨सह, अतिक अहमद खां, हरिशंकर पासवान, नेजाम खां, ध्रुव चौरसिया, गिरजानंद राय, राजेंद्र ¨सह, महेंद्र कुशवाहा, रामचंद्र प्रसाद, अरूण किशोर मिश्र, अधिवक्ता जितेंद्र झा आदि शामिल है।