मनी खुशियों की ईद, एक-दूसरे के गले मिले भाई
पाक रमजान के समापन के बाद बुधवार को शहर के धर्मसमाज चौक स्थित ईदगाह समेत जिले के सभी ईदगाहों व मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई।
मोतिहारी। पाक रमजान के समापन के बाद बुधवार को शहर के धर्मसमाज चौक स्थित ईदगाह समेत जिले के सभी ईदगाहों व मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। धर्मसमाज चौक ईदगाह में ईद की नमाज सुबह आठ बजे से अता की गई। यहां समय पर पहुंचने के लिए दूर-दराज के लोग सुबह सात बजे से ही ईदगाह पहुंच नमाज को अपनी जगह सुरक्षित करते दिखे। शहर के हर गली से नमाजी ईदगाह पहुंचे। समय से पहले ईदगाह परिसर नमाजियों से भर गया। फिर अतिरिक्त व्यवस्था लोगों के घरों व सड़क तक की गई, ताकि कोई भी नमाजी अल्लाह की इबादत से वंचित न रह जाए। नमाज के बाद ईदगाह हिदू-मुस्लिम एकता का गवाह बना। यहां ईद की बधाई देनेवालों का तांता लगा रहा। लोगों ने एक-दूसरे को ईद की बधाई दी। क्या आम, क्या खास सभी एक दूसरे के गले मिले और कहा ईद मुबारक। बड़े बुजुर्ग, युवा और बच्चे सबने ईद की खुशियां बांटी। यहां विभिन्न राजनीतिक दलों के लोग और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम, एसडीओ व डीएसपी रहे सक्रिय
प्रशासनिक स्तर पर नमाजियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला पुलिस बल के जवानों के साथ एसएसबी जवान व एंबुलेंस निर्धारित स्थान पर तैनात किए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था की कमान एएसपी अभियान एचएस गौरव, एसडीओ प्रियरंजन राजू, डीएसपी मुरली मनोहर मांझी, नगर थानाध्यक्ष अभय कुमार, छतौनी थानाध्यक्ष मुकेश चंद्र कुमार ने संभाल रखी थी। वे स्वयं विभिन्न स्थलों का जायजा लेते रहे। वहीं भीड़ को नियंत्रित करने को जवानों को मुस्तैद रहने की नसीहत दी। ईदगाह जाने वाले सभी रास्तों के चौराहों पर पुलिस अधिकारी के साथ जवान तैनात दिखे। कला संस्कृति व युवा विभाग के मंत्री ने दी ईद की बधाई
ईद के त्योहार के अवसर पर बिहार सरकार के कला संस्कृति व युवा विभाग मंत्री प्रमोद कुमार ने समस्त जिलेवासियों को ईद की बधाई दी। बुधवार की सुबह ईद की नमाज के बाद ईदगाह में जाकर लोगों को शुभकामना दी। इस दौरान नेता व जनप्रतिनिधि शहर के ज्ञानबाबू चौक स्थित रानी कोठी गए। यहां इफ्तेखार अहमद उर्फ साहेब, इम्तेयाज अहमद व अन्य लोगों से मिल ईद की बधाईयां दी। वही पूर्व उप मुख्य पार्षद मोहिबुल हक के आवास पर भी ईद की बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। वही मंत्री श्री कुमार ने कहा कि खुशियों का यह त्योहार भाईचारे का संदेश देता है। उनके साथ डॉ. लालबाबू प्रसाद, पूर्व पार्षद भोला गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। वही खैरवा ईदगाह में मौलाना रउफ साहेब ने ईद की नमाज सुबह 7:45 बजे शुरू कराई। इस दौरान नमाजियों ने अल्लाह से देश में अमन व शांति की इबादत की। इसके उपरांत नरकटिया विधायक डॉ. शमीम अहमद, डॉ. शकील अहमद, सगीर अहमद, हारूण रसीद, मो. जावेद आदि ने एक-दूसरे को गले लगा कर ईद की बधाईयां दी। वही विधायक डॉ. शमीम अहमद ने घर-घर जा कर लोगों को समाज में अमन व शांति बनाए रखने के साथ ईद की शुभकामनाएं दी।