विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी चंपारण में मोबाइल नहीं खरीदा तो पिस्टल लेकर पहुंच गए बदमाश, ग्रामीणों ने एक को दबोचा

Published: Tue, 01 Sep 2026 07:56 PM (IST)

पूर्वी चंपारण के अरेराज में मोबाइल खरीदने से मना करने पर तीन युवकों ने एक व्यक्ति से मारपीट की और ...और पढ़ें

पूर्वी चंपारण में  पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।

पूर्वी चंपारण में पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।

HighLights

  1. मोबाइल खरीदने से मना करने पर युवक से मारपीट।

  2. बदमाशों ने देसी पिस्टल निकालकर हमला किया।

  3. ग्रामीणों ने एक आरोपी को हथियार सहित पकड़ा।

संवाद सहयोगी, अरेराज (पूर्वी चंपारण)। नगर पंचायत अरेराज के हरदिया वार्ड संख्या चार में मंगलवार दोपहर मोबाइल खरीदने से इंकार करने पर तीन युवकों ने एक युवक के साथ मारपीट की।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने देसी पिस्टल निकालकर हमला कर दिया। शोर सुनकर जुटे ग्रामीणों ने एक युवक को हथियार के साथ पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से भाग निकले।

सूचना पर पहुंची अरेराज थाना पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बंगाल के मुरादाबाद जिले के बेलडागा थाना क्षेत्र के खिदुरपुर निवासी अफज शेख, पिता रोहित शेख, पिछले करीब 25 वर्षों से अरेराज में रहकर गांव-गांव घूमकर बाल खरीदने का काम करता है।

वह हरदिया वार्ड चार में नवल पांडेय के मकान में किराये पर रहता है। मंगलवार दोपहर अफज अपने कमरे में था। इसी दौरान तीन युवक उसके पास पहुंचे और मोबाइल बेचने की बात करने लगे।

अफज ने मोबाइल खरीदने से इंकार किया तो तीनों युवक कथित रूप से आक्रोशित हो गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। अफज के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। इसी दौरान आरोपित युवकों ने हथियार निकाल लिया और मारपीट की। घटना में अफज के जख्मी होने की भी बात सामने आई है।

हथियार देख ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए एक युवक को पकड़ लिया। उसके पास से देसी पिस्टल बरामद होने की बात कही जा रही है। इस दौरान उसके दो साथी मौके से भागने में सफल रहे।

ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना अरेराज थाना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पकड़े गए युवक को हिरासत में लिया और हथियार जब्त कर लिया। पकड़े गए युवक की पहचान आविद देवान, पिता राहमद देवान, निवासी नोवाडीह, थाना सुगौली के रूप में बताई जा रही है।

हालांकि पुलिस अभी आरोपित की पहचान और उसके आपराधिक इतिहास का सत्यापन कर रही है। फरार दोनों युवकों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

पीड़ित अफज शेख ने बताया कि वह करीब 25 वर्षों से अरेराज में रहकर बाल खरीदने का काम कर रहा है। उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। अचानक तीन युवक उसके कमरे पर पहुंचे और मोबाइल बेचने को लेकर विवाद करने लगे।

थानाध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी ने बताया कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।