मोतिहारी के होटल से चार नाबालिग लड़कियां रेस्क्यू, अनैतिक धंधे का भंडाफोड़
Bihar Crime News:पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में पुलिस ने एक आवासीय होटल से चार नाबालिग लड़कियों को अनैतिक धंधे में ...और पढ़ें

पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-1 दिलीप कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। East Champaran News: छतौनी थाना क्षेत्र के बैंक रोड स्थित एक आवासीय होटल में नाबालिग लड़कियों को अनैतिक धंधे में धकेलने की साजिश का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को होटल में औचक छापेमारी कर चार नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। इस कार्रवाई के दौरान मौके से होटल संचालक सहित कुल चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
संयुक्त टीम की छापेमारी
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-1 दिलीप कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। इस अभियान में छतौनी थाना पुलिस के साथ एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीमें शामिल रहीं।
संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल की घेराबंदी की और चारों नाबालिगों को तत्काल अपनी सुरक्षा में ले लिया।
आपत्तिजनक सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल परिसर से सात मोबाइल फोन और ग्राहकों से संबंधित एंट्री रजिस्टर जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बैंक रोड निवासी होटल संचालक राजीव कुमार, सुगौली के शेख इंताफ, पीपरा कोठी के नीरज कुमार और रघुनाथपुर निवासी रौशन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस टीम पकड़े गए सभी आरोपियों से संबंधित नेटवर्क और संपर्कों को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
नेटवर्क खंगालने में पुलिस
जांच एजेंसियां मुख्य रूप से यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि इन नाबालिग लड़कियों को किन रास्तों और माध्यमों से होटल तक लाया गया था। इस संगठित सिंडिकेट में शामिल अन्य चेहरों और बिचौलियों की पहचान के लिए भी कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
रेस्क्यू की गई सभी चारों नाबालिगों को विधिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन की देखरेख में सुरक्षित आश्रय स्थल भेज दिया गया है।
नाबालिगों के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाने में जुटी है। इस महत्वपूर्ण छापेमारी अभियान में छतौनी थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह और एएचटीयू प्रभारी पुनीत सर्वेन्द्र कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे।
इनके साथ ही महिला थानाध्यक्ष मोना कुमारी, आभा कुमारी, खुशबू कुमारी, अभिनव राज तथा चाइल्ड हेल्पलाइन के कई प्रमुख सदस्य कार्रवाई में मौजूद रहे।
