पूर्वी चंपारण में नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, आठ गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण की पकड़ीदयाल पुलिस ने नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपितों को ...और पढ़ें

अपराधियों के बारे में जानकारी देते अधिकारी।
HighLights
पकड़ीदयाल पुलिस ने नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री गिरोह का पर्दाफाश किया।
आठ आरोपित गिरफ्तार, अस्पताल कर्मियों की संलिप्तता सामने आई।
एक एंबुलेंस, कार, नकदी और सेलफोन जब्त किए गए।
संवाद सहयोगी, पकड़ीदयाल (पूर्वी चंपारण)। East Champaran Baby Selling Gang: पकड़ीदयाल पुलिस की विशेष टीम ने नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।
3 सितंबर को चोरमा कोठी बाजार के पास एंबुलेंस और आल्टो कार की जांच के दौरान नवजात के साथ एक महिला के मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की थी।
इसके बाद पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
आठ आरोपित गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों में औरंगाबाद जिले के गोह थानाक्षेत्र के गोह गांव निवासी गौतम कुमार (42) और उसकी पत्नी अंजली कुमारी (39), परसा बाजार निवासी चंदन राम (46), गोपालपुर निवासी छोटू कुमार (28), धनरूआ थानाक्षेत्र के हुलासचक निवासी कुणाल कुमार (27), मनियारी चौक निवासी अनिता देवी (36), नवादा जिले के नेमदारगंज थानाक्षेत्र के डेरमा निवासी खुशी देवी (28) और पूर्वी चंपारण के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर निवासी गुड्डु कुमार शामिल हैं। सभी से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
वाहन और रुपये जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक एंबुलेंस, एक आल्टो कार, 1.12 लाख रुपये और नौ सेलफोन जब्त किए हैं। जब्त वाहनों में बीआर11पीसी-5645 नंबर की एंबुलेंस और बीआर-01डीजी-9969 नंबर की आल्टो कार शामिल है। पुलिस दोनों वाहनों के स्वामित्व का सत्यापन कर रही है।
काल डिटेल से खुलेगा राज
प्रभारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि आरोपितों के पास से मिले सेलफोन के काल डिटेल का अध्ययन किया जा रहा है।
इससे गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
अस्पताल कर्मियों की भूमिका
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार खुशी देवी वर्तमान में पटना स्थित नयनतारा क्लिनिक से जुड़ी हैं और आशीर्वाद हास्पिटल की कर्मी बताई गई हैं।
गुड्डु कुमार भी वर्तमान में आशीर्वाद हास्पिटल में कार्यरत है। जांच में पकड़ीदयाल अस्पताल के समीप स्थित विशाल चाइल्ड केयर से भी नवजात की खरीद-बिक्री की बात सामने आई है।
चोरमा से शुरू हुई कार्रवाई
प्रभारी एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ के सहयोग से चोरमा कोठी बाजार के पास एंबुलेंस और आल्टो कार को रोककर जांच की गई।
जांच के दौरान एक महिला के पास नवजात शिशु मिला। पूछताछ में महिला ने नवजात को खरीदकर ले जाने की बात बताई, जिसके बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित निगरानी में रखा।
पूछताछ में खुलासा
सभी आरोपितों को थाने लाकर अलग-अलग पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान सभी आरोपितों ने नवजात शिशु की खरीद-बिक्री में शामिल होने की बात स्वीकार की।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में कहां-कहां के लोग शामिल हैं और नवजातों की खरीद-बिक्री का नेटवर्क किस स्तर तक फैला है।
छापेमारी में एसडीपीओ के साथ पकड़ीदयाल थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार, पुलिस निरीक्षक धीरज कुमार, दारोगा विकास कुमार साह, मुकेश कुमार, जमादार रामप्रवेश यादव और पुलिस जवान शामिल थे।
