विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी चंपारण में गहरी नींद में था पूरा परिवार, खिड़की तोड़कर गहने-कैश समेट ले गए चोर

Published: Fri, 21 Aug 2026 06:41 PM (IST)

पूर्वी चंपारण के कोटवा गांव में एक घर में खिड़की तोड़कर बड़ी चोरी हुई, जब परिवार सो रहा था। चोर ...और पढ़ें

पूर्वी चंपारण के कोटवा में चोरी के बाद बिखरा सामान।

पूर्वी चंपारण के कोटवा में चोरी के बाद बिखरा सामान।

संवाद सूत्र, कोटवा (पूर्वी चंपारण)। कोटवा थाना क्षेत्र के कोटवा गांव में गुरुवार की रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। परिवार के सदस्य घर में सोते रहे और बदमाश खिड़की तोड़कर कमरे में घुस गए।

इसके बाद आलमारी और बाक्स का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। शुक्रवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में अफरातफरी मच गई।

खिड़की तोड़कर घर में घुसे

गृहस्वामी कुंदन कुमार सिंह ने कोटवा थाना में प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है। उन्होंने बताया कि 20 अगस्त की रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने कमरे की खिड़की तोड़ दी और अंदर प्रवेश कर गए। कमरे को अंदर से बंद करने के बाद आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

आलमारी और बाक्स का ताला तोड़ा

चोरों ने कमरे में रखी आलमारी और बाक्स का ताला तोड़ दिया। उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकद रुपये निकाल लिए। घटना के दौरान परिवार के किसी सदस्य को इसकी भनक तक नहीं लगी। चोर सामान लेकर आसानी से घर से निकल गए।

सुबह खुला चोरी का राज

शुक्रवार की सुबह परिवार के सदस्यों की नींद खुली तो कमरे की खिड़की टूटी मिली। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर आलमारी और बाक्स से आभूषण व नकदी गायब मिली। इसके बाद गृहस्वामी ने पुलिस को सूचना दी।

चेन से लेकर मंगलसूत्र तक चोरी

पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान में सोने की दो चेन, एक हार, एक सेट कंगन, आठ अंगूठियां, एक टीका, एक नथिया, दो मंगलसूत्र और अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा चांदी की दो जोड़ी पायल, एक सेट पाजेब, अन्य चांदी के आभूषण और एक चांदी का सिक्का भी चोर ले गए। घर से 65 हजार रुपये नकद भी गायब हैं।

वैज्ञानिक तरीके से जांच में जुटी पुलिस

गृहस्वामी ने थानाध्यक्ष से घटना की जांच कर चोरी गए सामान की बरामदगी और अज्ञात चोरों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि आवेदन मिला है। पुलिस वैज्ञानिक तरीके से मामले की जांच कर रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।