पूर्वी चंपारण में मुलाकाती से 100 रुपये लेने का वीडियो वायरल, दो महिला होमगार्ड हटाई गईं
पूर्वी चंपारण के उत्पाद विभाग से दो महिला होमगार्ड जवानों को 100 रुपये लेने के आरोप में हटा दिया गया ...और पढ़ें
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। पूर्वी चंपारण के उत्पाद विभाग के स्थानीय कार्यालय में तैनात दो महिला होमगार्ड जवानों को तत्काल हटा दिया गया है। दोनों पर मुलाकाती से रुपये लेने का आरोप था। उत्पाद निरीक्षक इमरान अंसारी की जांच रिपोर्ट में रुपये लिए जाने की पुष्टि के बाद यह कार्रवाई की गई।
इंटरनेट मीडिया पर वीडियो
बताया गया कि उत्पाद विभाग के सहायक आयुक्त कार्यालय के मुख्य गेट पर एक व्यक्ति से 100 रुपये लिए जाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था।
वीडियो में व्यक्ति द्वारा 100 रुपये निकालकर टेबल पर रखने और इसके बाद रुपये को संबंधित रजिस्टर में रखे जाने का दृश्य दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे थे।
जांच के बाद हुई कार्रवाई
मामले को गंभीरता से लेते हुए सहायक आयुक्त ओमप्रकाश ने उत्पाद निरीक्षक इमरान अंसारी से जांच कराई। जांच में रुपये लेने की पुष्टि होने के बाद दोनों महिला होमगार्ड जवानों की सेवा वापस कर दी गई। उनके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई के लिए होमगार्ड के समादेष्टा को पत्र भेजा गया है।
दोनों की हुई पहचान
कार्रवाई की जद में आई दोनों महिला होमगार्ड जवानों की पहचान सलोनी कुमारी और सलोनी कुमारी सोनी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उत्पाद मामले में पकड़े गए आरोपित का पारिवारिक सदस्य उससे मुलाकात करने सहायक आयुक्त कार्यालय पहुंचा था। मुख्य गेट पर ड्यूटी में तैनात महिला होमगार्ड जवान से मुलाकात का तरीका बताने को लेकर उसकी बातचीत हुई थी।
रजिस्टर में रखे रुपये
इसी दौरान रुपये के लेन-देन का मामला सामने आया। प्रसारित वीडियो में व्यक्ति द्वारा 100 रुपये निकालकर टेबल पर रखे जाने के बाद उसे संबंधित रजिस्टर में रखे जाने का दृश्य दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद मामला अधिकारियों तक पहुंचा और इसकी जांच कराई गई।
होमगार्ड समादेष्टा को पत्र
जांच रिपोर्ट में रुपये लिए जाने की पुष्टि के बाद सहायक आयुक्त ने दोनों महिला होमगार्ड जवानों के खिलाफ कार्रवाई की। उन्हें उत्पाद कार्यालय की ड्यूटी से हटाते हुए उनकी सेवा वापस कर दी गई। साथ ही विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने के लिए होमगार्ड के समादेष्टा को पत्र भेजा गया है।
सहायक आयुक्त ओमप्रकाश ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई गई थी। जांच में रुपए लेने की पुष्टि हुई। इसके बाद दोनों महिला होमगार्ड जवानों की सेवा वापस कर दी गई है।
