विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी चंपारण: बेतिया राज की जमीन पर मालिकाना हक पाना होगा आसान, 26 अंचलों की भूमि के लिए बना नया पैनल

Published: Thu, 16 Jul 2026 08:07 PM (IST)

पूर्वी चंपारण में बेतिया राज की संपत्तियों के प्रबंधन और निपटान के लिए एक जिला मूल्यांकन समिति का गठन किया ...और पढ़ें

पूर्वी चंपारण में बेतिया राज की संपत्तियों के मूल्यांकन हेतु जिला समिति गठित

पूर्वी चंपारण में बेतिया राज की संपत्तियों के मूल्यांकन हेतु जिला समिति गठित

HighLights

  1. बेतिया राज संपत्तियों के मूल्यांकन के लिए जिला समिति का गठन।

  2. समिति करेगी संपत्तियों के प्रबंधन और स्वामित्व हस्तांतरण का आकलन।

  3. पूर्वी चंपारण में 7,640.91 एकड़ बेतिया राज भूमि चिह्नित।

जागरण संवाददाता, मोतिहारी। बेतिया राज की संपत्तियों के प्रबंधन एवं निपटान की प्रक्रिया को गति देने के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार द्वारा अधिसूचित बेतिया राज की संपत्तियों को निहित करने वाली नियमावली, 2026 के आलोक में पूर्वी चंपारण में जिला मूल्यांकन समिति का गठन किया गया है।

इस संबंध में समाहरणालय की जिला राजस्व प्रशाखा द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार, समिति की अध्यक्षता जिलाधिकारी करेंगे, जबकि अपर समाहर्ता सदस्य होंगे। जिला अवर निबंधक को सदस्य-सह-सचिव बनाया गया है।

इसके अलावा नगर निकाय के नगर आयुक्त अथवा कार्यपालक पदाधिकारी, भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, संबंधित क्षेत्र के भूमि सुधार उप समाहर्ता, अवर निबंधक एवं अंचलाधिकारी को समिति में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

समिति का मुख्य कार्य बेतिया राज की संपत्तियों के पूर्ण स्वामित्व हस्तांतरण के लिए निर्धारित राशि का आकलन करना तथा नियमावली के तहत संपत्तियों के प्रबंधन एवं निपटान की प्रक्रिया को सुनिश्चित करना होगा। इसके लिए बिहार स्टांप नियमावली, 1995 तथा उसके संशोधित प्रावधानों के अनुरूप मूल्यांकन किया जाएगा।

जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश की प्रतिलिपि संबंधित सभी विभागीय अधिकारियों, नगर निकायों, भूमि सुधार उप समाहर्ताओं, अंचल अधिकारियों एवं जिला अवर निबंधक को भेज दी गई है, ताकि आवश्यक कार्रवाई शीघ्र प्रारंभ की जा सके।

प्रशासनिक हलकों में इस आदेश को बेतिया राज की संपत्तियों के व्यवस्थित प्रबंधन और स्वामित्व संबंधी लंबित मामलों के निपटारे की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे संपत्तियों के मूल्यांकन एवं निस्तारण की प्रक्रिया में पारदर्शिता आने की उम्मीद है।

समिति में शामिल अधिकारी

  • जिलाधिकारी – अध्यक्ष
  • अपर समाहर्ता – सदस्य
  • जिला अवर निबंधक – सदस्य-सह-सचिव
  • नगर आयुक्त/कार्यपालक पदाधिकारी – सदस्य
  • कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल – सदस्य
  • भूमि सुधार उप समाहर्ता – सदस्य
  • संबंधित अवर निबंधक – सदस्य
  • संबंधित अंचलाधिकारी – सदस्य

26 अंचलों में बेतिया राज की 7,640.91 एकड़ भूमि की हुई है पहचान

पूर्वी चंपारण में बेतिया राज की संपत्तियों को अधिग्रहण करने के सरकारी आदेश के बाद इस दिशा में सरकारी स्तर पर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की गई है। राजस्व विभाग की सर्वे रिपोर्ट के अनुसार, जिले में बेतिया राज की कुल भूमि बढ़कर 7,640.91 एकड़ हो गई है।

वर्ष 2017 में जिले में बेतिया राज की 5,320.48 एकड़ भूमि चिह्नित थी, जबकि वर्ष 2024-25 के सर्वे के दौरान 2,251.47 एकड़ नई भूमि की पहचान की गई। इसके बाद जिले में बेतिया राज की संपत्तियों का दायरा और बढ़ गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, अमीनों द्वारा 5,389.44 एकड़ भूमि का सत्यापन किया गया। नए सर्वे में कई अंचलों में खतियानी, खरीद एवं अन्य स्रोतों से भूमि का पता चला है।

सर्वे में सबसे अधिक 1,093.47 एकड़ भूमि मोतिहारी अंचल में दर्ज की गई है। इसके अलावा रामगढ़वा में 996.32 एकड़, तुरकौलिया में 783.40 एकड़, हरसिद्धि में 617.71 एकड़ तथा सुगौली में 507.38 एकड़ भूमि चिह्नित की गई है।

बताया गया कि पहले जिले के 25 अंचलों में ही बेतिया राज की भूमि दर्ज थी, लेकिन नए सर्वे में मधुबन अंचल में भी बेतिया राज की जमीन की पहचान होने के बाद अब जिले के कुल 26 अंचलों में बेतिया राज की संपत्तियां दर्ज हो गई हैं।