East Champaran : मोबाइल दुकान पर पहुंचे तीन बदमाश, विवाद के बाद चलीं गोलियां, CCTV में हेलमेटधारी कैद
मोतिहारी के जमुनिया चौक पर मोबाइल दुकान के पास बदमाशों ने फायरिंग की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
जमुनिया चौक पर मोबाइल दुकान के पास फायरिंग की घटना।
बाइक सवार बदमाशों ने व्यवसायी को हथियार दिखाकर डराया।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से जांच कर रही है।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। जिले के लखौरा थानाक्षेत्र के जमुनिया चौक पर मोबाइल दुकान के समीप मंगलवार की शाम बदमाशों ने फायरिंग की। फायरिंग की सूचना के बाद इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति है।
बताया गया है कि बाइक पर सवार तीन बदमाश चौक पर पहुंचे। एक दुकान के अंदर गया। फिर दुकानदार के विरोध के बाद बदमाश बाहर निकला। विवाद होने लगा। इसी दौरान बदमाशों ने तीन राउंड गोली चलाई गई।
व्यवसायी रंजीत कुमार ने घटना को लेकर स्थानीय थाना में आवेदन दिया है। हालांकि, पुलिस फायरिंग की पुष्टि नहीं कर रही। विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम के साथ थानाध्यक्ष मामले की जांच कर रहे हैं।
थानाध्यक्ष अनुज कुमार ने बताया कि बाइक से पहुंचे दो युवकों ने व्यवसायी को नलकटुआ जैसा हथियार दिखाकर भयभीत करने का प्रयास किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही दुकान व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग खंगाली।
सीसीटीवी फुटेज में दुकान के आसपास हेलमेट लगाए दो बाइक सवार दिखाई दे रहे हैं। पुलिस इनकी पहचान और घटना में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। इसके लिए तकनीकी साक्ष्यों का भी सहारा लिया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, व्यवसायी के आवेदन में किसी व्यक्ति को नामजद नहीं किया गया है। ऐसे में घटना के पीछे आपसी विवाद समेत अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बाइक सवारों ने व्यवसायी को क्यों डराया और उनका उद्देश्य क्या था। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वास्तव में फायरिंग हुई थी या बदमाशों ने हथियार दिखाकर व्यवसायी को डराया था।
