पूर्वी चंपारण में डिजिटल अरेस्ट के बहाने 21 लाख की ठगी, महिला के अपहरण का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण के डुमरियाघाट में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर एक महिला से 21 लाख रुपये की ठगी की गई ...और पढ़ें

पूर्वी चंपारण में पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।
HighLights
डिजिटल अरेस्ट के नाम पर महिला से 21 लाख की ठगी।
पैसे खत्म होने पर महिला के अपहरण का प्रयास किया गया।
पुलिस ने एक आरोपी आकाश मिश्रा को गिरफ्तार किया है।
संवाद सहयोगी, डुमरियाघाट (पूर्वी चंपारण)। डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के रामपुर खजुरिया में डिजिटल अरेस्ट कर महिला से करीब 21 लाख रुपये की ठगी करने और रकम खत्म होने के बाद उसके अपहरण के प्रयास करने का मामला सामने आया है।
पुलिस ने मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक सिवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के पुरैना राघो गांव निवासी आध्या शरण मिश्रा का पुत्र आकाश मिश्रा बताया जाता है।
पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन व टाटा पंच कार जब्त किया गया है। पीड़िता जिले के पिपराकोठी थाना क्षेत्र के बीर छपरा निवासी स्व. शर्मा कुमार गिरी की पत्नी ममता देवी है जो फिलहाल अपने मायके रामपुर खजुरिया में रह रही थीं।
महिला के आवेदन के अनुसार, साइबर अपराधियों ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर उसे भयभीत कर करीब 21 लाख रुपए ठग लिए। आरोप है कि पैसा खत्म होने के बाद उसे विदेश भेजने का झांसा देकर कहीं ले जाने का प्रयास किया गया।
महिला ने इसकी सूचना मायके वालों को दी। जहां स्वजनों और ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आवेदन में साइबर ठगी करने वाले गिरोह के कई अन्य सदस्यों के नाम और मोबाइल नंबरों का भी उल्लेख किया गया है।
आवेदन में गिरोह द्वारा अन्य महिलाओं को भी झांसा देने और मानव तस्करी से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं। थानाध्यक्ष विवेक कुमार बालेन्दु ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक लेनदेन और मोबाइल संपर्कों की जांच की जा रही है।
