विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

East Champaran : आवासीय विद्यालय में अव्यवस्था से जेन अल्फा नाराज, 20 घंटे तक किया अनशन

Published: Tue, 18 Aug 2026 07:37 PM (IST)

सुगौली के भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालय के छात्रों ने कुव्यवस्था, घटिया भोजन और पढ़ाई की बदहाली के खिलाफ 20 घंटे ...और पढ़ें

सुगौली के अंबेडकर स्कूल के बच्चों से बात करते अधिकारी । जागरण

सुगौली के अंबेडकर स्कूल के बच्चों से बात करते अधिकारी । जागरण

HighLights

  1. छात्रों ने घटिया भोजन और कुव्यवस्था के खिलाफ 20 घंटे अनशन किया।

  2. अधिकारियों की जांच में विद्यालय में कई गंभीर कमियां मिलीं।

  3. कार्रवाई के आश्वासन के बाद छात्रों ने भूख हड़ताल समाप्त की।

संवाद सहयोगी, सुगौली (पूर्वी चंपारण)। मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई से लेकर आवासीय विद्यालयों की बदहाल व्यवस्था पर जेन अल्फा (स्कूली छात्र) आवाज उठा रहे हैं। स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध हंगामे से लेकर भूख हड़ताल-अनशन तक कर रहे।

पूर्वी चंपारण के सुगौली में ऐसा देखने को मिला, जहां दक्षिणी सुगांव पंचायत स्थित भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालय की बदहाल व्यवस्था के विरोध में जेन अल्फा का आक्रोश सोमवार को सड़क पर आ गया। अव्यवस्था, घटिया भोजन और पढ़ाई की बदहाल स्थिति से नाराज होकर शाम सात बजे भूख हड़ताल पर बैठ गए।

मंगलवार दोपहर सदर एसडीएम अरुण कुमार, एसडीपीओ दिलीप कुमार सिंह, सहायक कल्याण निदेशक ललन ऋषि समेत अन्य अधिकारी विद्यालय पहुंचे और उनसे बातचीत कर आरोपों की जांच की। इस दौरान भोजन, साफ-सफाई, पेयजल, आरओ, इंटरनेट और सुरक्षा व्यवस्था में कई कमियां-खामियां सामने आईं। कार्रवाई और जांच के आश्वासन पर छात्रों ने करीब 20 घंटे बाद अनशन खत्म किया।

छात्रों ने अधिकारियों को बताया कि उन्हें मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं दिया जाता। जो मिलता है, उसकी गुणवत्ता खराब रहती है। आरोप है कि खाद्य सामग्री में कीड़े तक निकल चुके हैं। सोमवार रात खराब खाना दिए जाने की शिकायत करने पर एक छात्र को कमरे में बंद कर मारपीट का भी आरोप लगाया।

छात्रों ने कहा कि पढ़ाई के साथ रहने और भोजन की व्यवस्था भी लंबे समय से दयनीय है। सुरक्षा व्यवस्था की जांच में भी खामियां मिलीं। विदित हो कि विद्यालय में 498 बच्चे नामांकित हैं, जबकि 300 बेड हैं। एक बेड पर दो छात्रों के सोने की व्यवस्था है। यहां पहली से 12वीं कक्षा तक के छात्रों की पढ़ाई होती है।

टूटी रेलिंग से नीचे गिर गया था छात्र

छात्रों ने बताया कि करीब तीन दिन पहले सीढ़ी की टूटी रेलिंग के कारण एक छात्र नीचे गिर गया था। अधिकारियों की जांच में कई नल टूटे मिले, जबकि आरओ खराब पड़ा है। इंटरनेट सुविधा भी प्रभावित है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने तत्काल खाना बनाने वाली टीम को बदलने का निर्देश दिया।

छात्रों की मेस कमेटी गठित कर प्रतिदिन भोजन की गुणवत्ता की जांच कराने का निर्णय लिया गया। साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल, आरओ और सीढ़ी की रेलिंग दुरुस्त कराने का भी निर्देश दिया गया। सदर एसडीएम अरुण कुमार ने कहा कि विद्यालय की अव्यवस्था और कुप्रबंधन की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी।

प्राचार्य की भूमिका की भी जांच होगी। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। सहायक कल्याण निदेशक ललन ऋषि ने भी जिम्मेदार कर्मियों के रवैये पर कार्रवाई के संकेत दिए। एसडीपीओ दिलीप कुमार सिंह ने छात्रों की समस्याएं सुनकर व्यवस्था में सुधार का भरोसा दिलाया। इसके बाद छात्रों ने अनशन समाप्त किया।

 

  • सुगौली में भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालय में घटिया भोजन व पढ़ाई की बदहाल स्थिति से आक्रोश
  • मौके पर पहुंचे सदर एसडीओ व डीएसपी, जांच में मिलीं कई प्रकार की खामियां, जांच के आदेश
  • खाना बनाने वाली टीम को तत्काल बदलने के लिए कहा, प्राचार्य की भूमिका की भी होगी जांच

बच्चों के अनशन की सूचना पर एसडीओ को भेजकर जांच कराई गई है। खाने की गुणवत्ता खराब पाई गई है। तत्काल कार्रवाई करते हुए वहां जीविका की टीम को खाना बनाने के जिम्मेदारी से मुक्त कर दूसरी टीम को कार्य करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, कल्याण विभाग के संबंधित अधिकारी व प्राचार्य के विरुद्ध कार्रवाई के लिए विभाग को लिखा जा रहा। इसके अलावा जीविका बीपीएम व डीपीएम से स्पष्टीकरण की मांग की गई है।
सौरभ सुमन यादव, जिलाधिकारी, पूर्वी चंपारण