विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी चंपारण में आइसक्रीम खाते ही छह बच्चों के चिपके होंठ, जलन की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती

Published: Fri, 09 Oct 2026 07:39 PM (IST)

Harsidhi Children Sick Ice Cream: पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि में आइसक्रीम खाने से छह बच्चे बीमार पड़ गए, जिनके मुंह ...और पढ़ें

ग्रामीणों ने आइसक्रीम में किसी हानिकारक या विषैले केमिकल के मिलाए जाने की आशंका जताई है।

ग्रामीणों ने आइसक्रीम में किसी हानिकारक या विषैले केमिकल के मिलाए जाने की आशंका जताई है। 

संवाद सहयोगी, हरसिद्धि (पूर्वी चंपारण)। East Champaran Ice Cream News: हरसिद्धि थाना क्षेत्र के गायघाट हाईस्कूल के गेट के पास आइसक्रीम खाने से करीब पांच-छह छात्र अचानक बीमार पड़ गए।

आइसक्रीम खाते ही बच्चों के मुंह में तेज जलन होने लगी और उनके होंठ आपस में चिपकने लगे। एक बच्चे के होंठ से खून निकलने की शिकायत भी सामने आई है।

इलाके में मची अफरातफरी

घटना के बाद स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्र में अचानक अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। परिजनों ने तुरंत बीमार बच्चों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आइसक्रीम विक्रेता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

बच्चे ने सुनाई आपबीती

बीमार बच्चों में शामिल सुमित कुमार ने बताया कि कोटवा की 'बेस्ट च्वाइस' कंपनी की आइसक्रीम बेचने वाला स्कूल के पास आया था।

वहां से आइसक्रीम खरीदकर खाते ही मुंह में जलन शुरू हुई और दोनों होंठ चिपक गए। जैसे तैसे आइसक्रीम को बाहर निकाला तो उसके होंठ से खून बहने लगा।

रसायन मिलाने की आशंका

इसके बाद देखते ही देखते अन्य पांच-छह बच्चे भी बीमार पड़ गए और उनकी हालत बिगड़ने लगी। ग्रामीणों ने आइसक्रीम में किसी हानिकारक या विषैले केमिकल के मिलाए जाने की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

पुलिस कर रही पूछताछ

ग्रामीणों ने इस घटना की गंभीरता से जांच कराने और संबंधित आइसक्रीम फैक्ट्री संचालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हरसिद्धि थाना के अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि विक्रेता से पूछताछ जारी है। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही बीमार होने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।