पूर्वी चंपारण में 4.90 लाख लाभार्थियों को मिली अगस्त की सामाजिक सुरक्षा पेंशन, 56.82 करोड़ सीधे खातों में
Bihar Pension DBT Transfer: पूर्वी चंपारण में 4.90 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में अगस्त माह की सामाजिक सुरक्षा ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रदेश की सभी छह प्रमुख सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की राशि जारी की।
जागरण संवाददाता, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। East Champaran Social Security Pension: सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत पूर्वी चंपारण के 4,90,120 वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों के बैंक खातों में अगस्त माह की पेंशन राशि शुक्रवार को सीधे भेज दी गई।
जिले के इन लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से कुल 56 करोड़ 82 लाख 71 हजार 500 रुपये अंतरित किए गए।
मुंगेर के खड़गपुर हवेली में आयोजित राज्यस्तरीय मुख्य समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रदेश की सभी छह प्रमुख सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की राशि जारी की।
राज्य स्तर पर अंतरण
पूरे राज्य में 105.68 लाख पेंशनरों के खातों में कुल 1233.87 करोड़ रुपये भेजे गए। योजना के तहत अगस्त माह के लिए प्रत्येक लाभार्थी को 1100 रुपये की पेंशन राशि का भुगतान किया गया है।
इसी क्रम में मोतिहारी समाहरणालय स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद सभागार में जिला स्तरीय विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में अधिकारी मौजूद
सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और डीडीसी डॉ. प्रदीप कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा और बड़ी संख्या में स्थानीय लाभार्थी भी उपस्थित रहे।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन की यह राशि प्रत्येक माह की 10 तारीख को डीबीटी के माध्यम से सीधे खातों में भेजी जाती है।
वृद्धजनों को सर्वाधिक लाभ
जिले में सबसे अधिक 3,91,411 वृद्धजनों को इस माह की पेंशन राशि का सीधा लाभ मिला। इनमें मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 2,77,716 और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 1,13,695 लाभार्थी शामिल हैं।
वहीं विधवा पेंशन के अंतर्गत 34,280 तथा दिव्यांग पेंशन योजनाओं के तहत 64,429 लाभार्थियों के खातों में राशि भेजी गई।
ई-केवाईसी कराने की अपील
प्रशासन ने उन पेंशनधारियों को भी प्रक्रिया समझाई है जिनकी पेंशन जीवन प्रमाणीकरण (ई-केवाईसी) या बैंक खाते की सीडिंग न होने के कारण रुकी है।
जिलाधिकारी ने ऐसे सभी वंचित लाभार्थियों से अविलंब ई-केवाईसी कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि नजदीकी सीएससी केंद्र पर बायोमेट्रिक या ई-लाभार्थी पोर्टल पर ओटीपी के माध्यम से सत्यापन कराकर पेंशन पुनः शुरू कराई जा सकती है।
