मोतिहारी में अंतिम संस्कार के बाद नदी में नहाने गए थे तीन किशोर, दो की मौत
मोतिहारी में रविवार को पानी में डूबने की दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। चकिया में ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
मोतिहारी में दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत।
चकिया में अंतिम संस्कार के बाद नदी में डूबे दो किशोर।
लखौरा में शौच के दौरान तालाब में डूबकर एक की मौत।
जागरण संवाददाता, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। रविवार को जिले के दो थाना क्षेत्रों में पानी में डूबने की अलग-अलग घटनाओं ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। चकिया में अंतिम संस्कार के बाद नदी में स्नान करने गए तीन किशोरों में दो की मौत हो गई, जबकि लखौरा में शौच के लिए तालाब किनारे गए एक व्यक्ति की डूबने से जान चली गई। दोनों घटनाओं के बाद स्वजनों में कोहराम मच गया।
चकिया में दो किशोरों की मौत
चकिया थाना क्षेत्र के बरागोविंद गांव में अंतिम संस्कार के बाद तीन किशोर नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान तीनों डूबने लगे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक किशोर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन 15 वर्षीय मंजीत कुमार और 12 वर्षीय दिव्यांश कुमार की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम पसर गया। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लखौरा में तालाब में डूबे अरविंद
उधर, लखौरा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह शौच के लिए गए अरविंद राम की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने तालाब से शव को बाहर निकाला। हादसे के बाद स्वजनों में चीख-पुकार मच गई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर संबंधित थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
