विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी चंपारण में डिजिटल क्रिएटर की कनपटी में बंदूक सटाकर लूट, लाखों की नकदी और ज्वेलरी ले उड़े बदमाश

Published: Wed, 23 Sep 2026 10:59 AM (IST)

पूर्वी चंपारण के रक्सौल में एक डिजिटल क्रिएटर के घर हथियारबंद बदमाशों ने घुसकर लूटपाट की। बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर लाखों की नकदी और गहने लूट लिए।

डकैती के बाद पीड़ित परिवार से पूछताछ करते पुलिस अधिकारी। जागरण

डकैती के बाद पीड़ित परिवार से पूछताछ करते पुलिस अधिकारी। जागरण

HighLights

  1. रक्सौल में डिजिटल क्रिएटर के घर हथियारबंद बदमाशों ने की लूट।

  2. बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर नकदी और गहने लूटे।

  3. घटना के बाद पुलिस जांच में जुटी, इलाके में दहशत।

जागरण संवाददाता, रक्सौल (पूर्वी चंपारण)। छौड़ादानो स्थित दरपा थाना क्षेत्र के तिनकोनी गांव के पश्चिम टोला में मंगलवार रात हथियारबंद बदमाशों ने डिजिटल क्रिएटर के घर में घुसकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया हैं। पीड़ित त्रिलोकी कुमार, पिता रामशरण प्रसाद, करीब एक वर्ष से गांव के पश्चिम टोला में घर बनाकर परिवार के साथ रह रहे हैं।

पत्नी चंदा देवी के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। घर में पति-पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा समेत छह लोग थे।

इसी दौरान कई लोग घर में घुस आए। बदमाशों ने उनके पति की कनपटी पर बंदूक सटाकर उन्हें बंधक बना लिया और जान से मारने की धमकी दी।

बदमाशों ने उनके छोटे बच्चे को भी अपने कब्जे में ले लिया और घर में रखे रुपये व गहने देने को कहा। सामान देने में थोड़ी देर होने पर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट और धमकी दी।

इसके बाद चंदा देवी ने अलमारी की चाबी निकालकर दी, जिसके बाद बदमाशों ने अलमारी खोलकर उसमें रखे नकदी और गहने निकाल लिए।

पहले भी दे चुके थे धमकी 

चंदा देवी ने बताया कि बदमाश लगातार परिवार के किसी सदस्य को मारने की धमकी दे रहे थे। उन्होंने बदमाशों से कहा कि परिवार के किसी सदस्य को नुकसान न पहुंचाया जाए और जो सामान चाहिए, वह ले जाकर चले जाएं। उनके अनुसार, बदमाश सामान लेकर घर से निकल गए।

पांच-छह बाइक से आए बदमाश वारदात के बाद वहां से फरार हो गए। हालांकि, बदमाशों की वास्तविक संख्या और घटना में शामिल लोगों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं है। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की है। घर में लगे सामान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

यह भी पढ़ें- पटना में सिपाही ने सरकारी पिस्टल से बहन को मारी गोली, फिर खुद को शूट किया; दोनों की मौत