मोतिहारी केंद्रीय कारा में बंदी की मौत, इलाज के दौरान सदर अस्पताल में तोड़ा दम
मोतिहारी केंद्रीय कारा में सजा काट रहे 70 वर्षीय व्यास पाठक की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
मोतिहारी केंद्रीय कारा के बंदी व्यास पाठक की मौत।
70 वर्षीय बंदी का सदर अस्पताल में इलाज के दौरान निधन।
सांस लेने में परेशानी और सीने में दर्द की शिकायत थी।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। स्थानीय केंद्रीय कारा में सजा काट रहे बंदी 70 वर्षीय व्यास पाठक की शुक्रवार को सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
सांस लेने में परेशानी और सीने में दर्द की शिकायत के बाद उसे गुरुवार को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मृत बंदी सिवान जिले के आंदर का रहने वाला था।
जेल अधीक्षक विजय कुमार अरोड़ा ने बताया कि 17 सितंबर को बंदी ने सांस लेने में परेशानी और सीने में दर्द की शिकायत की थी। जेल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने उसकी बेहतर जांच और इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजने की अनुशंसा की।
इसके बाद कारा कक्षपाल की अभिरक्षा में उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि व्यास पाठक को आंदर थाना कांड में न्यायालय से सजा हुई थी। न्यायालय के आदेश के बाद आठ जून 2017 को उसे मंडल कारा, सिवान भेजा गया था। बाद में शेष सजा भुगतने के लिए तीन सितंबर 2017 को उसे केंद्रीय कारा, मोतिहारी स्थानांतरित किया गया था।
बंदी की मौत की सूचना मिलने के बाद जेल प्रशासन ने पोस्टमार्टम के लिए नगर पुलिस को सूचित किया। अधीक्षक के अनुसार, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मेडिकल टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया।
नगर इंस्पेक्टर राजीव रंजन ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इधर, केंद्रीय कारा अधीक्षक की ओर से सदर अस्पताल के अधीक्षक/उपाधीक्षक को पत्र भेजकर मृत बंदी के शव का वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराने के लिए आवश्यक आदेश जारी करने का अनुरोध भी किया गया था।
