मोतिहारी में दसवीं के छात्र की चाकू से गोदकर हत्या, महिला भी जख्मी
Bihar Crime पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में चाकू से जख्मी छात्र की इलाज के दौरान मौत। घटना की सूचना पर अफरातफरी का माहौल बन गया। छत से शरीर पर पानी गिरने के बाद बढ़ा। इस घटना में एक महिला भी जख्मी है।
मोतिहारी, जासं। छतौनी थाना क्षेत्र के आर्य समाज चौक के पास रविवार की दोपहर पानी गिराने को लेकर विवाद में चाकूबाजी हुई। इस दौरान चाकू लगने से दसवीं के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि संगीता देवी जख्मी हो गई। उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। मृतक बढ़ई टोला निवासी 16 वर्षीय आयुष शर्मा उर्फ गोलू था। वह चौक पर अवस्थित एक कोचिंग में पढ़ने आया था।
मामले की जांच पड़ताल जारी
सूचना पर सदर डीएसपी अरुण कुमार गुप्ता दल-बल के साथ पहुंचे। मामले की जांच की। इस दौरान पुलिस ने आरोपित 18 वर्षीय युवक रानू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त चाकू को भी बरामद कर लिया है। उधर, शव के पोस्टमार्टम के बाद मृतक के स्वजन ने थाने पर पहुंचकर हंगामा करने लगे। वे घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों के समझाने पर सभी कुछ देर बाद शांत हो गए। सदर डीएसपी अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि मोहन कुमार की पत्नी संगीता देवी अपने छत की सफाई कर रही थी। इसी दौरान छत से गिर रहे पानी से कोचिंग से पढ़कर निकल रहे छतौनी थाना क्षेत्र के बढ़ई टोला निवासी उमेश शर्मा के पुत्र आयुष कुमार उर्फ गोलू व उसकी पुत्री भींग गईं। इस बात को लेकर महिला और उन दोनों के बीच विवाद होने लगा।
जख्मी महिला ने आरोप लगाते हुए पुलिस को बताया कि पहले छात्र व उसके दोस्तों ने घर के दरवाजे पर उसके बाएं हाथ में चार जगहों पर चाकू से हमला कर उसे जख्मी कर दिया। शोर सुनकर उसका पुत्र रानू कुमार घर के भीतर से बाहर निकला। उसने मां को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान उसने हमलावरों से चाकू छीन ली और वार कर दिया। चाकू छात्र गोलू की पेट में जा लगी। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे रहमानिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं जख्मी महिला को सदर अस्पताल ले गए। इससे वहां कुछ समय के लिए अफरातफरी मच गई। देर शाम तक मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की कवायद चल रही है। मृत छात्र के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।