विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Chakia Encounter Bihar: सिहोरवा के हर मन में मुठभेड़ की कहानी, जुबान खामोश, मामले में आठ नामजद

By Sanjay Singh Edited By: Ajit kumar
Published: Wed, 18 Mar 2026 07:08 PM (IST)

पूर्वी चंपारण के चकिया थाना क्षेत्र के सिहोरवा गांव में पुलिस और बदमाशों के बीच डेढ़ घंटे तक मुठभेड़ चली। ...और पढ़ें

मुठभेड़ वाले घर का क्षतिग्रस्त कांच व तैनात पुलिस के जवान। फोटो: जागरण

मुठभेड़ वाले घर का क्षतिग्रस्त कांच व तैनात पुलिस के जवान। फोटो: जागरण

HighLights

  1. चकिया मुठभेड़ में दो बदमाश मारे गए, एक एसटीएफ जवान शहीद।

  2. डेढ़ घंटे चली मुठभेड़ में 70 राउंड गोलियां चलीं।

  3. पुलिस ने आठ लोगों को नामजद किया, गांव में दहशत।

संवाद सहयोगी, चकिया (पूर्वी चंपारण)। STF Operation Bihar: चकिया थाना क्षेत्र के सिहोरवा गांव में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ की गूंज अब भी गांव में सुनाई दे रही है।

करीब डेढ़ घंटे तक चली इस मुठभेड़ में दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिसमें दो बदमाश मारे गए, जबकि एक एसटीएफ जवान शहीद हो गया। मामले में पुलिस ने दो मृतकों समेत आठ लोगों को नामजद किया है और कई आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

घटना को लेकर गांव में दहशत का माहौल है। लोग सब कुछ जानते हुए भी कुछ बोलने से बच रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, उस रात लगातार गोलियों की आवाज सुनाई दे रही थी और सभी किसी तरह सुबह होने का इंतजार कर रहे थे।

18MTH_M_39_18032026_320.JPG

बदमाशों ने की 50 राउंड फायरिंग

थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार के बयान पर दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, इस मुठभेड़ में करीब 70 राउंड गोलियां चलीं। इनमें से लगभग 50 राउंड फायरिंग बदमाशों की ओर से की गई, जबकि पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में 19 राउंड गोलियां चलाईं।

दो बदमाश ढेर, एसटीएफ जवान शहीद

मुठभेड़ में शातिर अपराधी कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे मारे गए। वहीं, एसटीएफ के जवान श्रीराम कुमार यादव गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

एक ही परिवार के चार गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में कुल आठ लोगों को नामजद किया है। इनमें मारे गए दोनों बदमाशों के अलावा जिस घर में मुठभेड़ हुई, उसके गृहस्वामी संत कुमार तिवारी, उनकी पत्नी ममता देवी, पुत्र उज्जवल कुमार, पुत्री रिस्टी कुमारी, साथ ही कुंदन के कथित साले दिव्यांशु दुबे उर्फ दीपांशु कुमार और उसके भाई कुणाल ठाकुर शामिल हैं।
पुलिस ने संत कुमार तिवारी के परिवार के चार सदस्यों समेत दिव्यांशु दुबे को गिरफ्तार कर लिया है।

18MTH_46_18032026_320.JPG

गुप्त सूचना पर संयुक्त कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, एसटीएफ और जिला आसूचना इकाई को सूचना मिली थी कि सिहोरवा गांव में हथियारबंद बदमाश किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर घर को चारों तरफ से घेर लिया और सरेंडर करने को कहा।

सरेंडर के बजाय शुरू हुई फायरिंग

पुलिस की चेतावनी के बावजूद बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। करीब डेढ़ घंटे तक चली मुठभेड़ के बाद स्थिति नियंत्रण में आई।

भारी मात्रा में हथियार बरामद

घटना के बाद तलाशी में पुलिस ने एक कार्बाइन, दो पिस्टल, दो देशी कट्टा, सात कारतूस, 34 खोखे, एक बाइक और सोने की नथुनी बरामद की है।

इस मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी है।