बीआरए बिहार विवि में स्नातक नामांकन आवेदन में सुधार का मौका, 14 अगस्त तक अवसर
बीआरए बिहार विश्वविद्यालय ने स्नातक सत्र 2026-30 के नामांकन आवेदनों में सुधार का अंतिम अवसर दिया है, जिसकी अंतिम तिथि ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। BRABU Admission: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय मुजफ्फरपुर ने स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन के लिए पूर्व में किए गए आवेदनों में सुधार का एक और अवसर दिया है।
आवेदन में किसी तरह की त्रुटि होने पर अभ्यर्थी 14 अगस्त तक उसमें सुधार कर सकते हैं। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि पोर्टल केवल पूर्व के आवेदनों में सुधार के लिए खोला गया है, नए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
कालेज चयन जरूरी
विश्वविद्यालय ने आवेदन में कालेज का विकल्प चुनने को लेकर भी निर्देश जारी किया है। अभ्यर्थियों को कालेज चयन के दौरान कम से कम तीन कालेजों का विकल्प देना अनिवार्य होगा।
राजकीय डिग्री महाविद्यालय तुरकौलिया के प्राचार्य दुर्गेश मणि तिवारी ने बताया कि आवेदन सुधार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय की ओर से छठी मेधा सूची जारी की जाएगी।
पांच मेधा सूची जारी
छठी मेधा सूची के आधार पर विद्यार्थियों का नामांकन लिया जाएगा। अब तक बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की ओर से पांच मेधा सूची जारी की जा चुकी है। इसके बावजूद नए डिग्री कालेजों में नामांकन की स्थिति में अपेक्षित सुधार दर्ज नहीं किया गया है।
छह विषयों में पढ़ाई
नए डिग्री कालेजों में नए सत्र से हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र एवं समाजशास्त्र विषयों की पढ़ाई होगी। प्रत्येक विषय में 48 सीटें निर्धारित हैं। इस तरह प्रत्येक नए कालेज में कुल 288 सीटों पर नामांकन लिया जा रहा है।
शिक्षकों ने दिया योगदान
नए महाविद्यालयों में पठन-पाठन शुरू कराने के लिए सहायक प्राध्यापकों की पदस्थापना कर दी गई है। प्रत्येक विषय के लिए दो-दो शिक्षकों की पदस्थापना की गई है और ये शिक्षक संबंधित महाविद्यालयों में योगदान कर रहे हैं। संविदा के आधार पर इन सहायक प्राध्यापकों का चयन बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग की ओर से किया गया है।
जल्द शुरू होंगी कक्षाएं
उम्मीद की जा रही है कि अब नए डिग्री कालेजों में कक्षा संचालन शीघ्र शुरू हो जाएगा। इन कालेजों में प्राचार्य एवं बर्सर की प्रतिनियुक्ति पहले ही की जा चुकी है। शिक्षकेत्तर कर्मियों की पदस्थापना भी निकट भविष्य में होने की संभावना है।
