Bihar News : गांव की मुखिया से KBC संवाद तक पहुंचीं ज्योति कुमारी, अब अमिताभ बच्चन से करेंगी सीधी बात
East champaran : केसरिया प्रखंड की मठिया पंचायत की मुखिया ज्योति कुमारी का चयन केबीसी संवाद कार्यक्रम के लिए हुआ ...और पढ़ें

केबीसी के लिए चयनित ज्योति कुमारी।
HighLights
केसरिया की मुखिया ज्योति कुमारी का केबीसी संवाद में चयन।
अल्ट्राटेक सीमेंट की यशस्वी मुखिया प्रतियोगिता से मिली पहचान।
7 अक्टूबर 2026 को मुंबई में अमिताभ बच्चन से मिलेंगी।
संवाद सहयोगी, केसरिया (पूर्वी चंपारण)। मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है। पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है। इस कथन को चरितार्थ किया है केसरिया प्रखंड की मठिया पंचायत की मुखिया ज्योति कुमारी ने।
गांव की सामान्य महिला से पंचायत प्रतिनिधि और अब राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने वाली ज्योति कुमारी का चयन केबीसी संवाद कार्यक्रम के लिए हुआ है। इस कार्यक्रम में उन्हें महानायक अमिताभ बच्चन से सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा।
उनका चयन अल्ट्राटेक सीमेंट द्वारा चलाए जा रहे यशस्वी मुखिया प्रतियोगिता के माध्यम से हुआ है। खास बात यह है कि इस प्रतियोगिता में बिहार से ज्योति कुमारी को अकेली प्रतिनिधि के रूप में चुना गया है।
ज्योति कुमारी ने विभिन्न चरणों और पड़ावों को पार करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। उनके चयन में भारत सरकार के पंचायती राज विभाग का भी उचित मार्गदर्शन मिला।
पंचायत स्तर पर किए गए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और ग्रामीण क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न प्रयासों के आधार पर उन्होंने प्रतियोगिता के अलग-अलग चरणों में अपनी पहचान बनाई। इसके बाद उनका चयन केबीसी संवाद के लिए किया गया।
7 अक्टूबर को मुंबई में होगी रिकॉर्डिंग
केबीसी संवाद कार्यक्रम के लिए ज्योति कुमारी की रिकॉर्डिंग 7 अक्टूबर 2026 को मुंबई में होगी। इस दौरान वह अमिताभ बच्चन के साथ सीधे संवाद करेंगी और अपने पंचायत में किए जा रहे विकास कार्यों तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित अनुभव साझा करेंगी।
पंचायत में विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों, महिलाओं की भागीदारी, शिक्षा और ग्रामीण समाज में बदलाव जैसे विषयों पर भी वह अपनी बात रखेंगी। ज्योति कुमारी ने कहा कि वह गांव की एक सामान्य महिला हैं और उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें देश के इतने बड़े मंच तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मेहनत, लगन और अपने कर्म पर विश्वास रखते हुए कोई भी व्यक्ति अपनी मंजिल हासिल कर सकता है। उन्होंने अपनी सफलता को पंचायत की जनता के विश्वास और सहयोग से जुड़ा बताया।
ज्योति कुमारी की इस उपलब्धि से मठिया पंचायत के साथ-साथ केसरिया प्रखंड में भी खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की महिला का राष्ट्रीय मंच तक पहुंचना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इससे ग्रामीण क्षेत्र की अन्य महिलाओं और बेटियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
