बिहार में फर्जी आधार पर लोन का खेल, नेपाली नागरिकों को झांसे में लेकर बनाते थे कर्जदार
पूर्वी चंपारण पुलिस ने नेपाली नागरिकों के फर्जी आधार कार्ड बनाकर ऋण लेने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।
HighLights
नेपाली नागरिकों के फर्जी आधार कार्ड बनाने वाला गिरोह पकड़ा गया।
सीएसपी संचालक और दो नेपाली महिलाएं गिरफ्तार, दस्तावेज जब्त।
गिरोह का जाल पूर्वी चंपारण, नेपाल और उत्तराखंड तक फैला।
संवाद सहयोगी, सिकरहना (पूर्वी चंपारण)। पूर्वी चंपारण जिले की पुलिस ने नेपाली नागरिकों का फर्जी आधार कार्ड बनाकर विभिन्न बैंकों से ऋण लेनेवाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।
जिले के कुंडवाचैनपुर थानाक्षेत्र के कुंडवाचैनपुर बाजार स्थित ग्रामीण बैंक के पास संचालित सेंट्रल बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) पर पुलिस ने छापेमारी कर सीएसपी संचालक व दो नेपाली महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई की बाबत शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फर्जी आधार कार्ड बनाकर ऋण लेनेवाला गिरोह सक्रिय है।
सूचना पर कुंडवाचैनपुर बाजार स्थित सेंट्रल बैक की सीएसपी पर छापेमारी की गई। इस दौरान पता चला कि वहां से फर्जी आधार कार्ड बनाने और लोन पास कराने का अवैध खेल चल रहा था।
मौके से पुलिस ने इलेक्ट्रानिक उपकरण और जाली कागजात में फर्जी आधार कार्ड, एक लैपटाप, एक आई स्कैनर, एक फिंगर स्कैनर, एक वेब कैमरा जब्त किया है।
इसके अतिरिक्त 12 फर्जी आधार कार्ड, छह मतदाता पहचान पत्र, छह जाति प्रमाण पत्र, एक आयुष्यमान कार्ड, 350 आधार कार्ड में उपयोग किया जानेवाला प्लास्टिक जब्त किया गया है।
मौके से गिरफ्तार किए जानेवालों में सीएसपी संचालक मनीष कुमार, नेपाल रौतहट के महुलिया निवासी शिवझड़ी देवी एवं फूला देवी शामिल हैं।
तीनों से आवश्यक पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। छापेमारी सिकरहना के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम में पुलिस इंस्पेक्टर धनंजय कुमार निर्दोष, थानाध्यक्ष अमन कुमार, दारोगा नवीन कुमार, रामेन्द्र कुमार शामिल रहे।
उत्तराखंड के दो लोग झांसे में लेकर नेपाली नागरिकों से कराते थे फर्जी काम
पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि उत्तराखंड के दो लोग गीता देवी व राकेश कुमार नेपाल की महिलाओं को अपने झांसे में लेते थे। उन्हें पैसों का लालच देते थे।
फिर सीएसपी संचालक मनीष कुमार के जरिए फर्जी आधार कार्ड बनवाकर उसका दुरुपयोग करते थे। पुलिस अब उत्तराखंड के दोनों लोगों की कुंडली खंगाल रही है।
सीएसपी संचालक से मिली जानकारी के आधार पर आगे की छापेमारी की जा रही है। एसपी ने बताया इस अंतरप्रांतीय गिरोह से जुड़े सभी सदस्यों की गिरफ्तारी शीघ्र कर ली जाएगी।
दो नेपाली महिला समेत तीन लोग गिरफ्तार किए गए हैं। गिरोह का जाल पूर्वी चंपारण के अलावा नेपाल व उत्तराखंड तक फैला है। पुलिस गिरफ्तार लोगों की निशानदेही पर आगे की छापेमारी कर रही है।’
स्वर्ण प्रभात, पुलिस अधीक्षक, पूर्वी चंपारण।
