आरक्षण में संशोधन की मांग केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने दोहराई, बोले संपन्न लोग छोड़ें लाभ
Jitan Ram Manjhi Reservation Review Demand:केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने मोतिहारी में गरीब चौपाल सम्मेलन में आरक्षण समीक्षा की ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। Garib Chaupal Motihari: हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) द्वारा मोतिहारी के बापू सभागार में गरीब चौपाल सम्मेलन का आयोजन किया गया।
सम्मेलन का उद्घाटन पार्टी संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दलित व महादलित समाज के लोग जुटे और अपनी समस्याओं को लेकर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी तथा बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन को आवेदन सौंपा।
आरक्षण समीक्षा की मांग
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि वे हमेशा गरीबों के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग संपन्न हैं, उन्हें ही आरक्षण में संशोधन को लेकर आपत्ति हो रही है। आरक्षण का लाभ वास्तविक रूप से समाज के गरीब तबके तक पहुंचना जरूरी है।

हिस्सेदारी के अनुसार हक
मांझी ने स्पष्ट किया कि जिन लोगों ने आरक्षण का पूरा लाभ उठा लिया है, उन्हें अब खुद आगे आकर हटने की जरूरत है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से मांग दोहराते हुए कहा कि आरक्षण का उचित वर्गीकरण होना चाहिए ताकि जिसकी जितनी हिस्सेदारी है, उसे उतना हक मिल सके। दोनों नेताओं ने आम लोगों को समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
संतोष सुमन चिराग पर सवाल
वहीं सम्मेलन को संबोधित करते हुए हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन ने आरक्षण में बंटवारे की मांग दोहराई। उन्होंने कहा, चिराग पासवान को आखिर मेरी मांग पर परेशानी क्यों हो रही है?
संविधान में भी लिखा है कि गरीब, दलित, वंचित को आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए। जिन लोगों ने आरक्षण का लाभ ले लिया है, अब गरीब लोगों को भी मिलने की आवश्यकता है।
जिसकी जितनी हिस्सेदारी है, उसकी उतनी भागीदारी मिलनी चाहिए और आरक्षण की समीक्षा भी होनी चाहिए। सुमन ने कहा राहुल गांधी को पता नहीं है कि अब कुल्हड़ में चाय मिलता है। उनका यह बयान समाज को बांटने वाला है। कांग्रेस को ऐसे लोगों से पार्टी की बागडोर छीनकर दूसरे के हाथ में दे देनी चाहिए।
