विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी चंपारण में मद्य निषेध जमादार पर रिश्वत और मारपीट का आरोप, न्यायालय के आदेश पर जांच शुरू

Published: Fri, 25 Sep 2026 06:58 PM (IST)

पूर्वी चंपारण में मद्य निषेध विभाग के एक जमादार पर शराब पीने के आरोप में पकड़े गए युवक से 50 ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. जमादार पर 50 हजार रिश्वत मांगने और मारपीट का आरोप।

  2. न्यायालय के आदेश पर मामले की जांच शुरू हुई।

  3. आयुक्त विकास कुमार सिन्हा ने दोनों पक्षों से पूछताछ की।

संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। मद्य निषेध विभाग के एक जमादार पर शराब पीने के आरोप में पकड़े गए युवक से 50 हजार रुपये मांगने और रकम नहीं देने पर मारपीट करने का आरोप लगा है।

मामला छौड़ादानो स्थित मद्य निषेध विभाग के चेक पोस्ट से जुड़ा है। न्यायालय के आदेश के बाद मामले की जांच शुरू हो गई है।

न्यायालय ने दिया जांच आदेश

शराब पीने के आरोप में 12 सितंबर को पकड़े गए छौड़ादानो थाना क्षेत्र के महमूदनगर निवासी सनोज महतो ने जमादार धर्मेंद्र राम पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

युवक और उसके स्वजनों के अनुसार उसे छोड़ने के एवज में 50 हजार रुपये की मांग की गई थी। रुपये देने से इनकार करने पर उसे हाजत में बंद कर मारपीट की गई।

न्यायालय में पेशी के दौरान युवक के शरीर पर चोट के निशान देखकर अधिवक्ताओं ने मामले को गंभीरता से लिया। इसके बाद उत्पाद विशेष न्यायालय के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के समक्ष मामले को रखा गया। न्यायालय ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित करने का निर्देश दिया।

आयुक्त ने दोनों पक्षों से पूछताछ

न्यायालय के आदेश के आलोक में तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त ने जांच शुरू की है। शुक्रवार को मद्य निषेध विभाग के आयुक्त विकास कुमार सिन्हा मोतिहारी पहुंचे और मामले की जांच की। उन्होंने जमादार धर्मेंद्र राम और पीड़ित सनोज महतो से पूछताछ कर दोनों के बयान कलमबद्ध किए।

चोट और रिश्वत आरोपों की जांच

जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि युवक के शरीर पर चोट कैसे आई। साथ ही उसके द्वारा लगाए गए रिश्वत मांगने और मारपीट के आरोपों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल जांच में सामने आए तथ्यों की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

जांच के लिए अगली तिथि भी निर्धारित की गई है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति और आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी। युवक के स्वजनों ने संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें- पूर्वी चंपारण में रिश्वत लेकर गलत तरीके से मदद करने में पताही के अपर थानाध्यक्ष सस्पेंड