विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी चंपारण में गन्ना किसानों की बल्ले-बल्ले, चोरमा में लगेगी आधुनिक चीनी मिल और डिस्टिलरी

Published: Thu, 20 Aug 2026 05:59 PM (IST)

पूर्वी चंपारण के चोरमा में 180 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक चीनी मिल और डिस्टिलरी स्थापित करने के प्रस्ताव ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

संवाद सहयोगी, पकड़ीदयाल (पूर्वी चंपारण)। पकड़ीदयाल प्रखंड के चोरमा में आधुनिक चीनी मिल एवं डिस्टिलरी स्थापित करने के प्रस्ताव को राज्य सरकार के कैबिनेट से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद लोगों में खुशी है।

करीब 180 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इस परियोजना के धरातल पर उतारने के बाद क्षेत्र में गन्ना उत्पादन को नई गति मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है।

गन्ना किसान और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित होंगे। प्रस्ताव के अनुसार कोलकाता स्थित मेसर्स श्री गणेश शुगर मिल्स प्राइवेट लिमिटेड चोरमा में चीनी मिल लगाएगी। प्रस्तावित मिल की पेराई क्षमता प्रतिदिन पांच हजार टन होगी।

इसके साथ ही 50 केएलपीडी यानी प्रतिदिन 50 हजार लीटर क्षमता की आधुनिक डिस्टिलरी यूनिट भी स्थापित की जाएगी। चीनी मिल और डिस्टिलरी की सुविधा एक साथ होने से क्षेत्र में कृषि आधारित उद्योग को बढ़ावा मिलने की संभावना है।

मिल की स्थापना से पकड़ीदयाल, मधुबन, चिरैया, ढाका, मोतिहारी सदर और शिवहर सहित आसपास के क्षेत्रों के गन्ना किसानों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

अभी कई किसानों को गन्ना बेचने के लिए दूर स्थित चीनी मिलों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे परिवहन खर्च बढ़ने के साथ समय भी अधिक लगता है। चोरमा में स्थानीय स्तर पर चीनी मिल शुरू होने के बाद किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

चीनी मिल की स्थापना का असर रोजगार के क्षेत्र में भी व्यापक रूप से देखने को मिल सकता है। मिल और डिस्टिलरी के निर्माण से लेकर संचालन तक तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्र में बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

मशीन संचालन, बिजली, रखरखाव, सुरक्षा, प्रशासन, परिवहन और अन्य कार्यों में स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। इसके अलावा मिल के आसपास ट्रांसपोर्ट, होटल, दुकान, कृषि उपकरण, मरम्मत और अन्य छोटे कारोबार भी विकसित हो सकते हैं।

इस संबंध में स्थानीय विधायक राणा रणधीर सिंह ने बताया कि चोरमा में 180 करोड़ रुपये की लागत से चीनी मिल और डिस्टिलरी की स्थापना की मंजूरी क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से गन्ना किसानों को स्थानीय बाजार मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
-