विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar Bhumi: तैयार कर लें नक्शा और खतियान, शुरू हुआ त्रिसीमाना व ग्राम सीमा सत्यापन

By Aditya Kumar Singh Edited By: Ajit kumar
Published: Sun, 01 Feb 2026 05:49 PM (GMT+05:30)

Bihar Bhumi Survey: पताही अंचल के सभी राजस्व ग्रामों में त्रिसीमाना और ग्राम सीमा सत्यापन कार्य शुरू हो गया है। ...और पढ़ें

Triseemana Verification:भूमि विवादों को कम करने के लिए विभाग की ओर से सत्यापन का कार्य शुरू किया गया। फाइल फोटो

Triseemana Verification:भूमि विवादों को कम करने के लिए विभाग की ओर से सत्यापन का कार्य शुरू किया गया। फाइल फोटो

HighLights

  1. पताही अंचल में त्रिसीमाना और ग्राम सीमा सत्यापन शुरू।

  2. भूमि विवाद कम करने, रिकॉर्ड अद्यतन करने का लक्ष्य।

  3. रैयतों को नक्शे, खतियान तैयार रखने की अपील।

संवाद सहयोगी, पताही (पूर्वी चंपारण)। Bihar Bhumi Survey: पताही अंचल क्षेत्र के सभी राजस्व ग्राम मौजा में त्रिसीमाना एवं ग्राम सीमा सत्यापन का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस अभियान के तहत भूमि से जुड़े अभिलेखों की जांच कर सीमाओं को स्पष्ट किया जा रहा है।

शनिवार को मौजा महमदपुर (थाना संख्या-189) में राजस्व विभाग की टीम द्वारा भौतिक सर्वेक्षण किया गया। सर्वेक्षण के दौरान नक्शा, खतियान और अन्य दस्तावेजों का मिलान कर सीमा रेखाओं की जांच की गई। इस कार्य को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया। 

पुराने राजस्व अभिलेखों का आधार

विशेष सर्वेक्षण सह बंदोबस्त पदाधिकारी विकास कुमार सिंह ने बताया कि सत्यापन पुराने राजस्व अभिलेखों के आधार पर किया जा रहा है। मौके पर मौजूद रैयतों से उनकी भूमि से संबंधित आवश्यक जानकारी भी ली जा रही है।

उन्होंने कहा कि त्रिसीमाना एवं ग्राम सीमा सत्यापन का मुख्य उद्देश्य भूमि विवादों को कम करना, सीमाओं को स्पष्ट करना और राजस्व रिकॉर्ड को अद्यतन करना है। इससे भविष्य में जमीन से जुड़े मामलों के निपटारे में आसानी होगी।

पहले से ही दी जा रही सूचना 

बंदोबस्त पदाधिकारी ने बताया कि अगले चरण में डुमरी बैजू (थाना संख्या-167) में सर्वेक्षण कार्य किया जाएगा। इसके लिए संबंधित रैयतों और जनप्रतिनिधियों को पूर्व से सूचना दी जा रही है।

उन्होंने सभी रैयतों से अपील की कि वे सर्वेक्षण के दौरान अपने पुराने नक्शे, खतियान और भूमि से जुड़े आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर उपस्थित रहें, ताकि सत्यापन प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके।

मौके पर कानूनगो महबूब आलम, लिपिक योगेंद्र चौधरी, विशेष सर्वेक्षण अमीन रामलाल सिंह, रविश कुमार, शशांक कुमार, अविनाश कुमार, नितेश कुमार, चंदन कुमार, नंदन कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।