विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी चंपारण में म्यूटेशन व परिमार्जन पर डीएम सख्त, अधिकारियों को दिया समय पर निष्पादन का निर्देश

Published: Mon, 07 Sep 2026 05:35 PM (IST)

East Champaran Land Records: पूर्वी चंपारण के डीएम सौरभ सुमन यादव ने म्यूटेशन, परिमार्जन और भूमि मापी से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाने का निर्देश दिया है।

अंचलाधिकारी से डीएम ने इन मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश दिया।

अंचलाधिकारी से डीएम ने इन मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश दिया।

HighLights

  1. डीएम ने म्यूटेशन, परिमार्जन और भूमि मापी पर दिए सख्त निर्देश।

  2. राजस्व से जुड़े मामलों का समय सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करें अधिकारी।

  3. जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जागरण संवाददाता, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। Motihari Mutation Issues: जिले में आम लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और राजस्व से जुड़े मामलों का निर्धारित समय सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया गया है।

जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने कहा कि जिले में अधिकांश शिकायतें म्यूटेशन, परिमार्जन और भूमि मापी से संबंधित सामने आ रही हैं।

ऐसे में अंचलाधिकारी इन मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं ताकि आम जनता को बेवजह परेशान न होना पड़े।

समन्वय समिति की बैठक

जिलाधिकारी समाहरणालय स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद भवन के सभागार में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

बैठक में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, डीसीएलआर, बीडीओ और सीओ मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी तरह की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नीलामपत्र वादों की समीक्षा

समीक्षा के दौरान डीएम ने कहा कि पिछले दो माह में नीलामपत्र वादों के निष्पादन में काफी प्रगति दर्ज की गई है। सभी नीलामपत्र पदाधिकारी इसी कार्यप्रणाली और गति को आगे भी बरकरार रखें।

साथ ही वारंट व नोटिस की तामिला नियमानुसार कराने और बॉडी वारंट से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया।

राजस्व महाभियान का डैशबोर्ड

राजस्व महाभियान के तहत म्यूटेशन, परिमार्जन और भूमि मापी के लंबित मामलों को समय पर पूरा करने का आदेश दिया गया है। इसके लिए एक विशेष डैशबोर्ड तैयार किया जाएगा, जिस पर प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट अपलोड करनी होगी।

डीएम ने चेतावनी दी कि राजस्व कार्यों में लापरवाही के कारण लोगों को कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते हैं, जिसे कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा।

मिलने का समय तय

डीएम ने सभी सीओ और क्षेत्रीय पदाधिकारियों को आम जनता के फोन अनिवार्य रूप से रिसीव करने की हिदायत दी। सभी अधिकारी प्रतिदिन कार्यालय में जनता से मिलने का एक निश्चित समय तय करें और उस दौरान अनिवार्य रूप से मौजूद रहें।

लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उनका त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

स्कूल व कॉलेजों का निरीक्षण

क्षेत्र भ्रमण के दौरान पदाधिकारियों को विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और नवस्थापित डिग्री कॉलेजों का भौतिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सरकार की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं के लिए आवश्यक भूमि को भी भ्रमण के दौरान चिन्हित करने को कहा गया।

शैक्षणिक संस्थानों की व्यवस्थाओं का नियमित जायजा लेकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया गया है।