Bihar News : ‘कोई बात नहीं, मैं मदद कर देता हूं’... एटीएम के पास ये मददगार नहीं, लुटेरे हैं
मोतिहारी में एटीएम के पास बदमाश सक्रिय हैं, जो मदद के बहाने ग्राहकों के कार्ड बदलकर पैसे निकाल रहे हैं। ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
सुशील वर्मा, मोतिहारी। जिले में एटीएम के पास बदमाशों ने अपना डेरा डाल रखा है। डेरा डालने पहले एटीएम के स्थान, वहां की सुरक्षा आदि के बारे में पता लगाते हैं। जब पूरी जानकारी मिल जाती है तो वहां डेरा डाल लेते हैं।
इस दौरान ग्राहकों की भीड़ व रुपयों के निकासी का ट्रेंड भी उन्हें पता होता है। फिर वो ऐसे लोगों के मददगार बनते हैं, जो कार्ड डालने और पिन दर्ज करने में दक्ष नहीं होते। बदमाश किसी तरह गोपनीय नंबर देख लेते हैं।
इसके बाद मदद के बहाने बातचीत शुरू करते हैं और मौका मिलते असली कार्ड बदलकर दूसरा कार्ड थमा देते हैं। ग्राहक को इसकी भनक तक नहीं लगती और कुछ देर बाद खाते से निकासी हो जाती है।
पिछले दो महीने में हुईं करीब आधा दर्जन घटनाओं में इस तरह के बदमाशों की भूमिका सामने आ चुकी है। जांच व शिकायती आवेदन में यह बात सामने आई है कि गिरोह के सदस्य एटीएम के अंदर या आसपास पहले से मौजूद रहते हैं। ग्राहक के कार्ड डालने और पिन दर्ज करने के दौरान गोपनीय नंबर देख लेते हैं।
फिर मदद के बहाने बातचीत शुरू कर देते हैं। मौका मिलते असली कार्ड बदलकर दूसरा कार्ड थमा देते हैं। ग्राहक को इसकी भनक तक नहीं लगती। कुछ देर बाद खाते से निकासी हो जाती है। पुलिस ताजा तथ्यों के सामने आने के बाद इस तरह के मामलों की जांच कर रही है।
ग्राहक की करते हैं रेकी
अबतक की जांच में यह बात सामने आई है कि ये बदमाश खासकर वैसे ग्राहकों को निशाना बनाते हैं, जिन्हें एटीएम संचालन की कम जानकारी होती है। इनमें वो लोग भी शामिल हैं, जो रुपये निकालने के दौरान किसी की मदद लेते हैं। जैसे कोई अकेले एटीएम में प्रवेश करते ही बदमाश पीछे से पहुंचकर उसकी गतिविधियों पर नजर रखते हैं। जैसे ही ग्राहक फंसते हैं बदमाश उन्हें अपना निशाना बना लेते हैं।
केस वन
अगरवा एटीएम में बदमाश ने उड़ाया डेबिट कार्ड, नगर थाने में प्राथमिकी
हाल में गुरुवार को शहर के अगरवा मोहल्ला स्थित एटीएम से बेलिसराय मोहल्ला निवासी दीपक कुमार रुपये निकालने गए थे। वहां पहले से मौजूद बदमाश ने धोखे से उनका डेबिट कार्ड बदल लिया। फिर चांदमारी व बापूधाम बैंक समेत तीन जगहों से उनके खाते से कुल 15 हजार रुपये निकाल लिए। दीपक ने नगर थाना में आवेदन दिया है।
केस टू
21 अगस्त को नगर थाना के सामने हो गई घटना
शहर में दूसरी घटना नगर थाना के सामने स्थित एटीएम में 21 अगस्त को घटी। बताया गया है कि ढाका निवासी फखरुद्दीन यहां स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम में पैसे निकालने पहुंचे थे।
इसी दौरान चार-पांच अज्ञात युवकों ने धोखे से उनका कार्ड बदल लिया। कुछ देर बाद खाते से 24 हजार रुपयों की निकासी का पता चला। मामले में उन्होंने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
