कोविड-19 टीकाकरण के लिए जिले में उपलब्ध हुए 7.61 लाख सीरिज : डीएम
अब इंतजार की घड़ी खत्म हो गई है। चंद दिनों बाद जिले में कोविड-19 का टीकाकरण प्रारंभ हो जाएगा।
मोतिहारी। अब इंतजार की घड़ी खत्म हो गई है। चंद दिनों बाद जिले में कोविड-19 का टीकाकरण प्रारंभ हो जाएगा। जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक ने कहा कि 16 जनवरी का दिन जिले व देश के लिए महत्वपूर्ण दिन है। देश में एक साथ टीकाकरण का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। टीकाकरण के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है। टीकाकरण के लिए जिले में 7.61 लाख सीरींज उपलब्ध कराया गया है। इसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यकता के अनुरूप वितरण किया गया है। कोल्ड चेन तैयार है। इसके लिए 28 कोल्ड चेन प्वाइंट पर आईएलआर एवं डीप फ्रीजर उपलब्ध है। राज्य से प्राप्त 21 अतिरिक्त आइएलआर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्थापित किया जा रहा है। पशुपालन विभाग के 17 आईएलआर को चिन्हित किया गया है, जिसे विशेष परिस्थिति में उपयोग किया जा सकता है। जिले में एक डब्लूआईसी कार्यरत है। एक अतिरिक्त डब्ग्ल्यूआईसी स्थापित करने की तैयारी चल रही है। वैक्सीन के भंडारण के लिए जिले में पर्याप्त स्थान उपलब्ध है। जिले में टीकाकरण के लिए 11 स्थल निर्धारित किया गया है। डीएम ने कहा कि टीका पूरी तरह सुरक्षित है। इसी कारण सबसे पहले स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जा रहा है। जिला प्रशासन के अधिकारियों के अलावा स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मी लोगों को जागरूक करने में लगे हैं। दूसरे चरण में नगर निकायकर्मी प्रशासन व पुलिस के अधिकारी व कर्मियों के अलावा फ्रंटलाइनर को टीका लगाया जाएगा। वहीं तीसरे चरण में वेनरेबल बूथ बनाकर टीकाकरण किया जाएगा। कोविन पोर्टल पर निबंधन कराने की सुविधा टीकाकरण के लिए निबंधन की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए कोविन पोर्टल पर इसकी व्यवस्था की गई है। इसके लिए कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। टीकाकरण के लिए प्रखंडस्तरीय चिकित्सा पदाधिकारियों का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। एईएफआई से संबंधित सावधानियां व आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है। 28 दिन बाद लेना होगा दूसरा डोज
टीकाकरण का डोज लेने के साथ वह सभी सावधानियां जैसे शारीरिक दूरी व मास्क लगाना जारी रखना है।पहले टीकाकरण के 28 दिन बाद दूसरा डोज देना जरूरी होगा। पहले डोज के 45 दिन बाद शरीर में बीमारियों से लड़ने की क्षमता विकसित होती है।अर्थात एंटीबॉडी बढ़ना प्रारंभ होता है। इसलिए लोगों से अपील है कि टीकाकरण के बाद 45 दिनों तक सावधानी बरतें। इन स्थलों पर 16 से होगा टीकाकरण
सदर अस्पताल मोतिहारी, शरण नर्सिंग होम मोतिहारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रक्सौल, एसआरपी हॉस्पीटल रक्सौल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरसिद्धि, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अरेराज, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चकिया, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मधुबन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पकड़ीदयाल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पताही, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ढाका।