विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोतिहारी के केसरिया में बड़ा हादसा: तालाब में डूबने से 6 बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम

By Satyendra KumarEdited By: Dharmendra Singh
Published: Tue, 03 Mar 2026 09:34 PM (IST)Updated: Tue, 03 Mar 2026 09:48 PM (IST)

Motihari children drown : मोतिहारी के केसरिया थाना क्षेत्र के लोहरगांवां गांव में मंगलवार को एक हृदयविदारक घटना हुई। पोखर ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. छह बच्चों की पोखर में डूबने से मौत।

  2. केसरिया के लोहरगांवां गांव में दर्दनाक हादसा।

  3. पूरे गांव में शोक की लहर, परिजन बेसुध।

संवाद सहयोगी, मोतिहारी। केसरिया थाना क्षेत्र के लोहरगांवां गांव में मंगलवार को एक अत्यंत दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां पोखर में डूबने से एक ही पड़ोस के छह बच्चों की मौत हो गई।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेेजा 

इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही केसरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया।

खेत में खाना देने के लिए नदी किनारे गए थे बच्चे

मिली जानकारी के अनुसार लोहरगांवां गांव के मलाहटोली वार्ड नंबर 4 के छह बच्चे दिन में अपने परिजनों को खेत में खाना देने के लिए नदी किनारे गए थे। खाना देने के बाद सभी बच्चे लोहरगांवा चंवर में बने तालाब में नहाने लगे। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से एक-एक कर सभी बच्चे डूब गए।

बच्चों की खोजबीन में जुटे थे ग्रामीण 

काफी देर तक जब बच्चे घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता होने लगी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण बच्चों की खोजबीन में जुट गए। तलाश करने के बाद जब आसपास के पोखर और गड्ढों में देखा गया तो वहां पानी में बच्चों के शव दिखाई दिए। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

ग्रामीणों की मदद से सभी बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों में मनोज साहनी के दो बच्चे  एक पुत्र और एक पुत्री  तथा रामलाल साहनी की तीन पोती एवं रावण सहनी कि एक पुत्री शामिल बताई जा रही है।

एक साथ छह बच्चों की मौत से पूरा गांव शोक में डूब गया है। घटना की सूचना मिलते ही केसरिया थाना अध्यक्ष राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया। पुलिस द्वारा घटना की जांच भी की जा रही है।

गांव में मातमी सन्नाटा पसरा

इस दुखद घटना के बाद पूरे लोहार्गवां गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मृत बच्चों के घरों में कोहराम मचा हुआ है और परिजन रो-रोकर बेसुध हो जा रहे हैं। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और हर किसी की आंखें नम हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बच्चों के डूबने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए थे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

वहीं प्रशासनिक अधिकारियों के भी मौके पर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इस भीषण हादसे ने न केवल लोहरगांवा गांव बल्कि पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक साथ छह मासूमों की मौत से हर कोई दुखी और स्तब्ध है।