कमतौल में करंट से युवक और विवाहिता की मौत
थाना क्षेत्र के अलग-अलग पंचायतों में गुरुवार को विद्युत स्पर्शाघात से युवक और विवाहिता की मौत हो गई।
कमतौल, संस : थाना क्षेत्र के अलग-अलग पंचायतों में गुरुवार को विद्युत स्पर्शाघात से युवक और विवाहिता की मौत हो गई। परिजनों के दोनों के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इसकी पुष्टि संबंधित पंचायतों के मुखिया ने की है।
जानकारी के अनुसार, अहियारी उत्तरी पंचायत के चनुआ टोल निवासी हजारी यादव के पुत्र होरिल कुमार यादव (18) की मौत गुरुवार की सुबह करीब 9 बजे अपने घर में ही बिजली का करंट लगने से हो गई। बताया जाता है कि वह अपने घर में बिजली को ठीक कर रहा था। इस दौरान अर्थिंग में आ रहे करंट की चपेट में आ गया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। मुखिया सूर्यनारायण शर्मा ने इसकी पुष्टि की। इस घटना से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। राढ़ी पूर्वी पंचायत के कुम्हरौली गांव निवासी मो. मैनुल की विवाहिता पुत्री फरजाना खातून (22) की मौत मायके में करंट लगने से दिन के करीब 10 बजे हो गई। बताया जाता है कि घर में लगे बल्ब का तार टूटकर नीचे गिरा था। खाली पैर होने के कारण अनजाने में तार पर पांव पड़ते ही वह करंट की चपेट में आ गई और तत्क्षण ही उसकी मौत हो गई। अभी उसको कोई संतान नहीं था। परिजनों के जुटने पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। मुखिया वली अहमद ने इसकी पुष्टि की है।