Move to Jagran APP

शहर में गूंजने लगा मां श्यामा नामधुन, भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुआ शुभारंभ

दरभंगा। जय श्यामा माय श्यामा माय श्यामा माय .. नामधुन से पूरा शहर गूंजने लगा है।

By JagranEdited By: Published: Sun, 17 Nov 2019 12:54 AM (IST)Updated: Sun, 17 Nov 2019 06:10 AM (IST)
शहर में गूंजने लगा मां श्यामा नामधुन, भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुआ शुभारंभ
शहर में गूंजने लगा मां श्यामा नामधुन, भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुआ शुभारंभ

दरभंगा। जय श्यामा माय, श्यामा माय, श्यामा माय .. नामधुन से पूरा शहर गूंजने लगा है। शनिवार को माधेश्वर परिसर में मां श्यामा नामधुन नवाह यज्ञ का शुभारंभ हो गया है। इससे पूरे शहर का वातावरण भक्तिमय हो चुका है। 501 कन्याओं के कलश शोभायात्रा के साथ ही नवाह यज्ञ का शुभारंभ हो गया। 216 घंटों तक चलने वाले इस नामधुन यज्ञ में लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। उद्घाटन सत्र के बाद प्रधान यजमान कैलाश बैरोलिया ने कुल 35 पंडितों का वरण किया। प्रधान पुजारी डॉ.प्रेमानंद झा ने अग्नि स्थापना की प्रक्रिया पूरी की। सहायक पुजारी शरद कुमार झा ने मंच पूजन किया। इसके बाद मां श्यामा की पूजा व आरती हुई। इसके संपन्न होते ही प्रसिद्ध गायिका डॉ. ममता ठाकुर व पारस पंकज झा ने दिन के 12:15 बजे मां श्यामा नामधुन की शुरुआत की। इसके साथ ही चारों तरफ मां श्यामा नामधुन गूंजने लगा। नवाह यज्ञ का समापन ठीक नौ दिन बाद 25 नवंबर को दिन के 12:15 बजे संपन्न होगा।

loksabha election banner

501 कन्याओं ने निकाली कलश शोभायात्रा : सुबह आठ बजे श्यामा मंदिर से 501 कन्याओं की भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा आयकर चौराहा, हसनचक, दरभंगा टावर, भगवानदास मोहल्ला, खानकाह चौक, मलेच्छ मर्दनी मंदिर, गोशाला होते हुए वापस श्यामा मंदिर पहुंची। शोभायात्रा का नेतृत्व वार्ड 21 की पार्षद मधुबाला सिन्हा कर रही थी। इस मौके पर कई गणमान्य पूरे शोभायात्रा में मौजूद रहे। शोभायात्रा के बाद सभी कन्याओं को मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण भी किया गया। कन्याओं को मां श्यामा पर चढ़ाई गई साड़ी भी दी गई।

सीसीटीवी से हो रही निगरानी :

नवाह यज्ञ के दौरान मिथिलांचल ही नहीं, बल्कि पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां श्यामा के दर्शन को पहुंचते हैं। भीड़ इतनी जुटती है कि उसे नियंत्रित कर पाना मुश्किल रहता है। इसे देखते हुए पूरे परिसर में कई जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मंदिर के सुरक्षाकर्मियों के अलावा 16 अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को सुरक्षा में लगाया गया है। साथ ही संस्कृत विवि के 40 एनएसएस वोलंटियर भी व्यवस्था में जुट गए हैं। मंदिर व मंच पर अग्निशामक यंत्र की व्यवस्था की गई है। प्रशासन की ओर से तीन मजिस्ट्रेट चौबीस घंटा निगरानी में है। पुलिस की ओर से 16 पोस्ट बनाए गए हैं जहां बलों की तैनाती की गई है।

मां श्यामा संदेश पत्रिका का हुआ विमोचन : उद्घाटन के अवसर पर मां श्यामा संदेश पत्रिका के ग्यारहवें अंक का विमोचन अतिथियों ने किया। इस अवसर पर प्रधान संपादक विनोद कुमार ने कहा कि इस पत्रिका का मूल उद्देश्य मिथिला के धार्मिक स्थल, आध्यात्मिक, सामाजिक क्रियाकलापों को बढ़ावा देना है। वहीं, नवागंतुक रचनाकारों को भी इसके माध्यम से प्रोत्साहित किया जाता है। मौके पर 2020 के कैलेंडर का भी विमोचन किया गया।

होमियोपैथिक कॉलेज ने लगाया कैंप : नवाह यज्ञ में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सेवा में यदुवीर सिंहा होमियोपैथिक कॉलेज की ओर से कैंप का आयोजन परिसर में किया गया है। सांसद गोपालजी ठाकुर ने इस कैंप का उदघाटन किया। यह कैंप सुबह के नौ बजे से रात के नौ बजे तक काम करेगा। इस मौके पर कॉलेज के प्रधानाचार्य भरत सिंह भी मौजूद थे।

नामधुन संकीर्तन का प्रभाव आध्यात्मिक दृष्टि से अधिक : कुलपति : कार्यक्रम के उद्घाटन कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सर्व नारायण झा, प्रतिकुलपति प्रो. चंद्रेश्वर प्रसाद सिंह व पूर्व विधान पार्षद डॉ. विनोद कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कुलपति प्रो. झा ने कहा कि नामधुन संकीर्तन का प्रभाव आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यधिक है। इसके सफल संचालन से निश्चय ही कल्याण का मार्ग प्रशस्त होगा। संचालन न्यास समिति के सह सचिव डॉ.श्रीपति त्रिपाठी ने और व अतिथियों का स्वागत प्रबंधक चौधरी हेमचंद्र राय ने किया। मौके पर समिति के डॉ. रमेश झा, उपाध्यक्ष पं. कमलाकांत झा, डॉ. राजेश्वर पासवान, सिद्धुमल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.