दहेजलोभी ससुरालियों ने विवाहिता को मार डाला
बहेड़ा थाना क्षेत्र के मुर्तुजापुर गांव में रम्मी देवी की हत्या कर शव को घर में छुपाने के मामले में ससुरालियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दरभंगा। बहेड़ा थाना क्षेत्र के मुर्तुजापुर गांव में रम्मी देवी की हत्या कर शव को घर में छुपाने के मामले में ससुरालियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिवराम गांव निवासी वीरेंद्र यादव की पत्नी एवं रम्मी की मां शैल देवी के आवेदन पर दर्ज प्राथमिकी में पति समेत छह को आरोपित किया गया है। जिसमें चारपहिया वाहन या सात लाख रुपये दहेज के रूप में नहीं मिलने पर हत्या करने की बात कही गई है। शैल देवी ने कहा है कि पुत्री रम्मी देवी की शादी 5 मार्च 2017 को मुर्तजापुर गांव के महेंद्र यादव के पुत्र राजा यादव से हुई थी। अपनी औकात के मुताबिक शादी में दान दहेज दिया। शादी के बाद उनकी पुत्री ने डेढ वर्ष पूर्व पुत्र आदर्श को जन्म दिया। उनकी पुत्री को ससुराल में पति राजा यादव, जेठ राजू यादव, ससुर महेंद्र यादव, सास एवं ननद आरती देवी, भारती बराबर प्रताड़ित करते थे। ससुराली मायके से चारपहिया वाहन अथवा सात लाख रुपये लेकर आने के लिए दबाव बनाते थे। जिसपर रम्मी कहती थी कि उनके मां बाप गरीब हैं कहां से लाकर देंगे। रम्मी को कुछ दिन पहले भी ससुरालियों ने केरोसिन छिड़क जान से मारने का प्रयास किया था। वह किसी तरह से जान बचाकर भागकर मायके आ गई थी। इधर पांच दिन पहले दामाद रम्मी को मायके से यह कहकर ले गया कि अब कुछ नहीं होगा, घर जाने दीजिए। 24 जुलाई को जेठ राजू यादव ने हत्या के मामले को छुपाने के लिए उनके पुत्र को फोन किया और कहा कि उनकी बहन को सांप ने काट लिया है वह मर चुकी है। जब उसने अपने गांव से दो लोगों को रम्मी के ससुराल भेजा तो वहां उनकी पुत्री के शव को घर में छुपाकर रखा था। इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मुर्तजापुर आकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष शशिकांत सिन्हा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।