मतदान कर्मियों ने दिया योगदान, बूथों पर पहुंचे
शनिवार की सुबह दरभंगा क्लब में योगदान दिया।
दरभंगा। नगर निगम चुनाव को लेकर मतदान कर्मियों ने शनिवार की सुबह दरभंगा क्लब में योगदान दिया। इसके बाद कर्मियों के बीच ईवीएम समेत अन्य सामग्री का वितरण किया गया। फिर कर्मियों को मतदान केंद्र के बारे में बताया गया। वहां से सामग्री लेने के बाद मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गए। कुल 213 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 117 भवनों पर बूथ बनाए गए हैं। कुल 852 कर्मियों की नियुक्ति की गई है तथा लगभग एक सौ सुरक्षित कर्मियों की भी नियुक्ति की गई है। वहीं 69 गश्ती सह गश्ती ईवीएम मशीन संग्रहण दल बनाए गए हैं। वहीं पर्दानशी महिलाओं की पहचान के लिए महिला कर्मियों की नियुक्ति की गई है। योगदान के बाद पीठासीन पदाधिकारियों को चुनाव दिशा-निर्देशिका की पुस्तिका दी गई। उधर, सभी स्तर के दंडाधिकारियों ने भी योगदान दिया। इसके बाद उन्हें तैनात पुलिसकर्मियों के साथ रवाना किया गया। शनिवार की शाम तक मतदान कर्मी बूथों तक पहुंच गए। उधर, कई मतदान केंद्रों पर गर्मी के कारण कर्मियों की परेशानी बढ़ी रही। अधिकांश मतदान केंद्र सरकारी भवन में ही बनाए गए हैं।