विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में करंट की चपेट में आई मासूम, खेलते-खेलते मौत; एक छोटी सी लापरवाही बनी काल

By Mukesh KumarEdited By: Dharmendra Singh
Published: Fri, 11 Sep 2026 01:51 PM (IST)

बिहार के दरभंगा में खेलते समय पांच साल की लक्ष्मी की बिजली के तार की चपेट में आने से मौत ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. पांच साल की लक्ष्मी की करंट लगने से मौत।

  2. आंधी में टूटा बिजली का तार बना मौत का कारण।

  3. कुशेश्वरस्थान पूर्वी के विशुनियां गांव में हादसा।

संवाद सहयोगी, दरभंगा। बिहार में दरभंगा के जिस आंगन में पांच साल की लक्ष्मी की किलकारियां गूंजती थीं, वहां शुक्रवार सुबह अचानक मातम पसर गया। पड़ोस के बच्चों के साथ खेल रही मासूम बच्ची को क्या पता था कि सड़क किनारे पड़ा एक विद्युत तार उसकी जिंदगी छीन लेगा।

आंधी-तूफान में टूटकर गिरे घरेलू कनेक्शन के तार के संपर्क में आते ही लक्ष्मी झुलस गई। स्वजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

खेलने के दौरान तार की चपेट में आई

नदी थाना क्षेत्र के कुशेश्वरस्थान पूर्वी के विशुनियां गांव में शुक्रवार सुबह यह हादसा हुआ। स्वर्गीय रामचंद्र यादव की पुत्री लक्ष्मी कुमारी (05) पड़ोस के बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान गुरुवार रात आंधी-तूफान में टूटकर सड़क किनारे गिरे घरेलू कनेक्शन लाइन के तार की चपेट में आ गई। तार लक्ष्मी की पीठ में सट गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन आनन-फानन में लक्ष्मी को कुशेश्वरस्थान पीएचसी लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही स्वजन में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी घटना से स्तब्ध रह गए।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलने पर नदी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।

तीन भाइयों की इकलौती बहन थी लक्ष्मी

पोस्टमार्टम हाउस में मृतका की चाची ममता देवी ने बताया कि लक्ष्मी तीन भाइयों की इकलौती बहन थी। उसके पिता रामचंद्र यादव की तीन वर्ष पहले मौत हो चुकी है। लक्ष्मी की मां आशा देवी सरकारी विद्यालय में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं।