आज दिखेगा चुनावी जंग का असली रंग
नगर निगम चुनाव के तहत मतदान का काउंटडाउन शुरू है।
दरभंगा। नगर निगम चुनाव के तहत मतदान का काउंटडाउन शुरू है। मौसम गर्म हो चला है। जनजीवन ठहरा हुआ है। रविवार को छुट्टी रहेगी, लेकिन लोकतंत्र का पर्व मनाने की तैयारी हर ओर है। शांतिपूर्ण, निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने को लेकर प्रशासनिक कसरत जारी रहेगी तो उम्मीदवारों की हसरत भरी निगाहें बूथों पर होगी। मौसम की गर्मी के साथ हर वार्ड का राजनीतिक तापमान चढ़ा हुआ है, लेकिन रंग-रंग अलग-अलग है। शनिवार की देर रात वोटरों को रिझाने, समझाने व वोट बटोरने की आखिरी रात रही। शनिवार को हर हथियार आजमाया गया। उम्मीदवारों की जोरदार कसरत के बीच अधिकांश मतदाताओं की चुप्पी कायम रही। एक-एक वोट का हिसाब हो रहा है। अब मतदान के लिए चंद समय शेष हैं। हर वार्ड का अपना भूगोल व गणित है। हर वार्ड का समाजशास्त्र पढ़ा जा रहा है। जीत के हर रास्ते की तलाश की गई। एक-एक वोटर पर डोर डालने की कसरत हुई। 48 में 47 वार्डों के लिए नगर निगम क्षेत्र के 213 मतदान केंद्रों पर सवा दो लाख मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इसके साथ ही 344 उम्मीदवारों का चुनावी भाग्य ईवीएम में बंद हो जाएगा। इसके बाद सबकी निगाहें 23 मई पर जा टिकेगी। उधर, उम्मीदवारों की चहलकदमी, वोटरों की चुप्पी के बीच प्रशासन की भी अग्निपरीक्षा होगी। बच्चे संडे मनाएंगे तो बड़े लोकतंत्र का पर्व। सियासी मैदान में आकलन, अटकल व उम्मीद के बीच मतदाता अपना फैसला ईवीएम में बंद करेंगे।