तीस लाख लोगों ने सुना निश्चय संवाद : मंत्री
दरभंगा। जदयू की वर्चुअल रैली को सफल बताते हुए बिहार सरकार के खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता विभ
दरभंगा। जदयू की वर्चुअल रैली को सफल बताते हुए बिहार सरकार के खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता विभाग के मंत्री मदन सहनी ने कहा कि लोगों का विश्वास जीतने में एक बार फिर एनडीए सफल होगी। लगभग तीस लाख लोगों ने विभिन्न लिक से जुड़कर मुख्यमंत्री के ''निश्चय संवाद'' को सुना है। हकीकत यह है कि एक्चुअल से कई गुना अधिक लोगों ने वर्चुअल से मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। यह आयोजन ऐतिहासिक साबित हुआ है। मंत्री ने कहा कि सभी क्षेत्रों में बिहार का तेजी से विकास हुआ है। कानून का राज स्थापित कर समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक विकास पहुंचा है। मंत्री बहादुरपुर प्रखंड के बरुआरा गांव में लोगों के साथ बैठकर निश्चय संवाद को सुनने के बाद बोल रहे थे।
बता दें कि मंत्री ने दो दर्जन जगहों पर एलईडी लगवाई थी। हनुमान नगर प्रखंड के रजवाड़ा हाट, चांदी चौक, हरचंदा चौक, विशनपुर चौक, डीहलाही चौक, स्वरूप चौक पर एलईडी टीवी के जरिए अधिक संख्या में लोगों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। वहीं बहादुरपुर प्रखंड के बरुआरा चौक, अंदामा राम जानकी मंदिर, मेकना, फेकला चौक, दाईंग, पनसीहा चौक, खैरा, कमरौली, ओझौल, बिऊनी, कोकट चौक पर भी एलईडी टीवी से लोगों ने निश्चय संवाद को सुना। इस दौरान जदयू जिला उपाध्यक्ष कन्हैया साह,विपुल राय, मनोज सिंह, राजेश मंडल, बैद्यनाथ मिश्र, ललन महतो, रामसिकिल सहनी, कमलेश राम, दीदार हुसैन चांद, अनिल बिहारी, सुनील ठाकुर, अबुल खैर, धीरेंद्र चौधरी, सरफे आलम, संजय झा, कृष्ण कुमार सिंह सहित दर्जनों जदयू कार्यकर्ता उपस्थित रहे।