दरभंगा-मुजफ्फरपुर फोरलेन पर अब नहीं चलेगी मनमानी, अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर सख्ती
दरभंगा में राष्ट्रीय राजमार्गों पर बढ़ती दुर्घटनाओं और यातायात अव्यवस्था को रोकने के लिए प्रशासन सख्त हो गया है। डीएम ...और पढ़ें

बैठक को संबोधित करते डीएम कौशल कुमार व अन्य। फोटो-सौजन्य जिला प्रशासन
HighLights
राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटनाएं रोकने की तैयारी।
अवैध अतिक्रमण, अनधिकृत पार्किंग पर होगी कार्रवाई।
थानाध्यक्षों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश।
जागरण संवाददाता, दरभंगा । बिहार में दरभंगा के राष्ट्रीय राजमार्गों पर बढ़ती दुर्घटनाओं और यातायात अव्यवस्था पर लगाम कसने की तैयारी शुरू हो गई है।
डीएम और एसएसपी ने संयुक्त बैठक में साफ कर दिया कि हाईवे पर अवैध अतिक्रमण, अनधिकृत पार्किंग और लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और थानाध्यक्षों को विशेष अभियान चलाकर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
हाईवे सुरक्षा पर मंथन
शनिवार को समाहरणालय में डीएम और एसएसपी की संयुक्त अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
संयुक्त सर्वेक्षण का निर्देश
डीएम ने पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), जिला परिवहन पदाधिकारी तथा एनएचएआई के अभियंताओं को संयुक्त रूप से राष्ट्रीय राजमार्गों का सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया। सर्वेक्षण के आधार पर सड़क सुरक्षा में बाधक सभी कारणों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई
बैठक में हाईवे किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण और सड़क पर खड़े वाहनों को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताया गया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे अतिक्रमण तत्काल हटाने और अनधिकृत पार्किंग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
थानाध्यक्षों को विशेष अभियान की जिम्मेदारी
सिमरी, मब्बी, भालपट्टी, मनीगाछी और सदर थाना क्षेत्रों से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। संबंधित थानाध्यक्षों को अपने क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण और पार्किंग हटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ट्रकों की अनधिकृत पार्किंग पर नजर
प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर खड़े ट्रकों और अन्य भारी वाहनों को तत्काल हटाने का निर्देश दिया है। साथ ही भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए नियमित निगरानी और सख्त पेट्रोलिंग व्यवस्था लागू करने को कहा गया है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन
हाईवे सुरक्षा टास्क फोर्स के सभी सदस्यों को सर्वोच्च न्यायालय के सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित कराने का आदेश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़ी किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
