मुंबई से गिरफ्तार आभूषण चोर की निशानदेही पर तेलंगाना पुलिस ने दरभंगा में की छापेमारी, हीरे के जेवरात बरामद
Bihar Crime चोरी के बाद आरोपी दरभंगा में अपने घर आया था। इस दौरान अपने पड़ोसी के यहां कुछ आभूषणों को छिपा दिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। तेलंगाना पुलिस ने उसे मुंबई से पकड़ा है।
संवाद सहयोगी, बिरौल (दरभंगा): मुंबई से गिरफ्तार पांच करोड़ के डायमंड व आभूषण चोरी के आरोपी बिरौल थाना क्षेत्र के रजवनी गांव निवासी चंद्रशेखर साहू को लेकर तेलंगाना पुलिस शनिवार की रात यहां पहुंची।
हीरे के आभूषण बरामद
रविवार को चंद्रशेखर की निशानदेही पर छापेमारी कर उसके पड़ोसी के घर से डायमंड जड़ित तीन आभूषणों को पुलिस ने बरामद किया। बाकी की बरामदगी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
जानकारी के मुताबिक हैदराबाद के नजारा हिंद थाना क्षेत्र के एक कारोबारी के यहां से चंद्रशेखर ने 1 सितंबर 2022 को डायमंड और आभूषण की चोरी कर ली और फरार हो गया।
मुंबई से हुआ गिरफ्तार
इस मामले में नजारा हिंद थाने में एफआईआर दर्ज है। चोरी के बाद वह घर भी आया था। इस दौरान अपने एक पड़ोसी के यहां कुछ आभूषणों को छिपा दिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। इस बीच तेलंगाना पुलिस ने उसे मुंबई से दबोच लिया।
यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि आरोपी ज्वेलरी दुकान में नौकरी कर रहा था या किसी कारोबारी के घर में नौकरी कर रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित हैदराबाद, तेलंगाना में कई वर्षों से मजदूरी कर रहा था।
बिरौल थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश झा ने बताया कि एक जगह से कुछ आभूषणों की बरामदगी हुई है। उसकी निशानदेही पर अभी छापेमारी चल रही है।