विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा-मुंबई हवाई सफर हुआ आसान, कई दिनों बाद स्पाइसजेट की उड़ान फिर शुरू

Published: Mon, 07 Sep 2026 06:14 PM (IST)

दरभंगा-मुंबई हवाई मार्ग पर स्पाइसजेट की उड़ान सेवा कई दिनों के अंतराल के बाद बहाल हो गई है, जिससे यात्रियों ...और पढ़ें

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।

HighLights

  1. दरभंगा-मुंबई स्पाइसजेट उड़ान सेवा बहाल हुई।

  2. यात्रियों को लंबी दूरी के सफर से राहत मिली।

  3. सोमवार को दरभंगा एयरपोर्ट से आठ विमानों का आवागमन।

संवाद सहयोगी, दरभंगा। दरभंगा से मुंबई जाने या मुंबई से दरभंगा आने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। कई दिनों के अंतराल के बाद दरभंगा-मुंबई हवाई मार्ग पर स्पाइसजेट की उड़ान सेवा बहाल हो गई है।

इससे यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट लेने और लंबी दूरी के वैकल्पिक सफर की परेशानी से राहत मिली है। हालांकि सोमवार को दिल्ली से दरभंगा आने वाली स्पाइसजेट की एसजी-495 फ्लाइट शेड्यूल में रद रही।

विमानन कंपनी ने इसकी सूचना यात्रियों को पहले ही दे दी थी, जिससे उन्हें एयरपोर्ट पहुंचकर अचानक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

मुंबई से आने वाली फ्लाइट पहुंची

सोमवार को मुंबई से दरभंगा आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी-115 निर्धारित समय से एक घंटा 43 मिनट विलंब से पहुंची। फ्लाइट को सुबह 10:15 बजे दरभंगा पहुंचना था, लेकिन यह 11:58 बजे एयरपोर्ट पर उतरी। फ्लाइट सेवा बहाल होने से मुंबई आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिली है।

दिल्ली की फ्लाइट पहले पहुंची

दिल्ली से दरभंगा आने वाली अकासा एयर की फ्लाइट क्यूपी-1405 निर्धारित समय सुबह 10:55 बजे से 20 मिनट पहले दरभंगा पहुंच गई। इससे यात्रियों को समय की बचत हुई। वहीं, दिल्ली-दरभंगा रूट पर इंडिगो की फ्लाइट 6ई-360 भी निर्धारित समय से 16 मिनट पहले एयरपोर्ट पहुंची।

बेंगलुरु से भी समय से पहले पहुंची फ्लाइट

बेंगलुरु से दरभंगा आने वाली अकासा एयर की फ्लाइट क्यूपी-1513 भी निर्धारित समय से पहले पहुंची। इसे दोपहर 12:10 बजे दरभंगा पहुंचना था, लेकिन यह 34 मिनट पहले एयरपोर्ट पर उतर गई।

एयरपोर्ट से आठ विमानों का आवागमन

जानकारी के अनुसार, सोमवार को दरभंगा एयरपोर्ट से कुल आठ विमानों का आवागमन हुआ। स्पाइसजेट की मुंबई सेवा बहाल होने के साथ यात्रियों को आने वाले दिनों में इस मार्ग पर हवाई सफर का एक और विकल्प उपलब्ध होगा।

दिल्ली से दरभंगा आने वाली रद फ्लाइट की सूचना पहले दिए जाने से यात्रियों को अंतिम समय में होने वाली परेशानी से भी राहत मिली।