वर्चस्व की लड़ाई में चली गोली, तीन जख्मी, सड़क जाम
दरभंगा। भालपट्टी ओपी क्षेत्र के मुरिया गांव में गुरुवार की शाम वर्चस्व की लड़ाई में चली गोली मे
दरभंगा। भालपट्टी ओपी क्षेत्र के मुरिया गांव में गुरुवार की शाम वर्चस्व की लड़ाई में चली गोली में एक पक्ष से तीन लोग जख्मी हो गए। जबकि, दोनों पक्षों के बीच हुई रोड़ेबाजी और तलवारबाजी में सात लोग जख्मी हो गए। इसमें चार जख्मियों को मधुबनी और छह जख्मियों को दरभंगा मेडिकल सह अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली से घायल हुए लोगों में एखलाख कुरैशी, इलियाश कुरैशी और मो. फिरोज शामिल हैं। एखलाख को सीने और पीठ में गोली लगने की बात कही गई है। जबकि, इलियास के पैर में गोली लगी है। वहीं, फिरोज के शरीर को गोली छूते हुए निकल गई है। इसी पक्ष के मो. असजद और ईद मोहम्मद पर तलवार और लाठी से प्रहार कर दिया गया। ईद के शरीर पर गहरे जख्म के साथ एक पांव व एक पैर फ्रैक्चर पाया गया है। वहीं दूसरे पक्ष से मो. नजीम, शोकत अली, सगीर, इस्लाम और इमरान जख्मी हैं। इन लोगों ने दूसरे पक्ष पर रोड़ेबाजी व लाठी-डंडा से प्रहार करने का आरोप लगाया है। इधर, गोली चलने और तीन लोगों के जख्मी होने की सूचना से लोग आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते लोगों ने दरभंगा-मुजफ्फरपुर फोरलेन सड़क को जाम कर दिया। सूचना पर सदर एसडीपीओ अनोज कुमार के नेतृत्व में कई थाने की पुलिस पहुंची। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। कार्रवाई के आश्वासन पर लोग शांत हुए और जाम हटाने को राजी हो गए। इस क्रम में सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सदर एसडीपीओ ने बताया कि दोनों तरफ से दस लोग घायल हैं। इसमें तीन लोग गोली से जख्मी हैं। सभी का इलाज चल रहा है। आरोपितों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है। घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि गांव के मो. सदमा बॉस और सगीर के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। इसमें सगीर पक्ष के शौकत अली ने बताया कि उनका पुत्र मो. अल्लिम दुकान चला रहा था। इस बीच मो. अल्लिम अपने दोस्त को अवाज दिया। इसके बाद सदाम बॉस उनके दुकान पर पहुंचा और कहां तुम मुझे चिढ़ाते हुए। इसके बाद मारपीट कर दो हजार रुपये रंगदारी मांगी। कुछ देर के बाद जब हमलोग वापस हुए तो सदाम अपने समर्थकों के साथ हमला कर दिया। इधर, सदाम पक्ष के जख्मी ईद मोहम्मद ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर मो. शकील और मो. सगीर गोली चलाने लगा। जिसमें तीन लोग जख्मी हो गए । इसके बाद अन्य समर्थकों ने तलवार से हमला कर दिया। इसमें दो लोग जख्मी हो गए। ईद मोहम्मद ने पैर से नाखून खींच लेने का भी आरोप लगाया है। बहरहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ठीक एक वर्ष पहले घटी थी घटना, पिस्टल-कारतूस हुई थी बरामद :
मो. सदाम बॉस और सगीर के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। दोनों पक्ष गांव में अपना दबदबा बनाना चाहते हैं। इस कारण से 16 जुलाई 2020 की रात घटना घटी थी। इसमें एक पिस्टल और चार कारतूस बरमाद किया गया था। घटना के समय पुलिस ने मो. सगीर को हिरासत में लिया जबकि, सदाम के पक्ष से घायल हुए जहांगीर को डीएमसीएच में भर्ती कराया गया था। बाद में सगीर को पुलिस ने छोड़ दिया और आरोप लगाया गया कि बरामद पिस्टल सदाम की है। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों ने एक दूसरे का हथियार बताकर हमला करने आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई। जांच में सदाम के घर लगी सीसी कैमरे के हार्ड डिस्क को पुलिस ने जब्त कर लिया। लेकिन, यह मामला आज तक जांच में ही फंसा है।