दरभंगा स्नातक सीट से सर्वेश कुमार फिर मैदान में, संकल्प पत्र में विकास के कई वादे
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार सर्वेश कुमार ने अपना संकल्प पत्र जारी किया है। इसमें शिक्षा, रोजगार, कृषि, ...और पढ़ें

दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार सर्वेश कुमार।
HighLights
सर्वेश कुमार दरभंगा स्नातक सीट से एनडीए उम्मीदवार, संकल्प पत्र जारी।
शिक्षा, रोजगार, कृषि, पर्यटन और सुशासन पर विकास का रोडमैप।
बिहार को टेक्नोलॉजी हब बनाने और 10 लाख रोजगार का वादा।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। स्नातक मतदाताओं के मुद्दों को सदन में उठाने के साथ अब विकास का रोडमैप लेकर सर्वेश कुमार फिर चुनावी मैदान में हैं।
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार सर्वेश कुमार ने शिक्षा, रोजगार, कृषि, पर्यटन और सुशासन को केंद्र में रखते हुए अपना संकल्प पत्र जारी किया है।
भाजपा ने 2026 के विधान परिषद चुनाव के लिए दरभंगा स्नातक सीट से मौजूदा निर्दलीय विधान पार्षद सर्वेश कुमार को उम्मीदवार बनाया है।
167 दिन सदन में दर्ज कराई उपस्थिति
वर्ष 2020 से 2026 तक विधान परिषद सदस्य रहे सर्वेश कुमार के अनुसार, 17 सत्रों के 170 निर्धारित कार्य दिवसों में उन्होंने 167 दिन सदन में उपस्थिति दर्ज कराई। प्रभावी 153 कार्य दिवसों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही।
इस दौरान उन्होंने 294 विधायी गतिविधियों में हिस्सा लिया। इनमें 178 तारांकित एवं अल्पसूचित प्रश्न, 19 संकल्प, 34 निवेदन सूचनाएं, 19 शून्यकाल सूचनाएं, 20 ध्यानाकर्षण सूचनाएं और 24 महत्वपूर्ण बहस शामिल हैं। वे लोक लेखा समिति, शिक्षा समिति, आश्वासन समिति और आंतरिक वित्त समिति के सदस्य भी रहे।
शिक्षा से रोजगार तक का रोडमैप
सर्वेश कुमार के संकल्प पत्र में प्राथमिक शिक्षा को मजबूत करने के लिए वार्षिक मेरिट फेस्टिवल और हर वर्ष 2.50 लाख विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित कराने की बात कही गई है।
वित्तरहित शिक्षकों और अतिथि शिक्षकों के लिए पारदर्शी सेवा व्यवस्था का भी प्रस्ताव है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बेगूसराय में फॉरेन लैंग्वेज एवं रिसर्च सेंटर और 'चेयर ऑफ एक्सीलेंस' की स्थापना का संकल्प लिया गया है।
रोजगार के क्षेत्र में बिहार को टेक्नोलॉजी हब बनाने, अलग टेक्नोलॉजी मंत्रालय के गठन और 10 लाख युवाओं को राज्य में रोजगार देने की योजना बताई गई है।
कृषि क्षेत्र में पशुपालक किसानों के हित में 'पशु प्रजनन विधेयक 2025' लाने और सेक्स सॉर्टेड सीमेन की उपलब्धता पर जोर दिया गया है। बौद्ध सर्किट के माध्यम से पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने का भी लक्ष्य रखा गया है।
