दरभंगा सामूहिक दुष्कर्म मामला: फोन में लड़कियों की वीडियो रखता था होटल संचालक का बेटा, CCTV फुटेज भी किए डिलीट
दरभंगा के लहेरियासराय में एक स्कूली छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने होटल संचालक के पुत्र से घंटों पूछताछ की। उसके मोबाइल से अवैध रूप से कमरा उपलब्ध कराने सहित कई अहम सुराग मिले हैं।
दरभंगा, जागरण संवाददाता। दरभंगा जिले के लहेरियासराय में एक स्कूली छात्रा को अगवा कर पहले आरआर पैलेस होटल फिर मधुबनी में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने होटल संचालक के पुत्र से सोमवार को घंटों पूछताछ की। इसके बाद देर रात उसे छोड़ दिया गया।
हालांकि, उसके पास से जब्त किए गए मोबाइल को अब भी महिला थाने की पुलिस तकनीकी सेल के माध्यम से खंगालने में जुटी है। पुलिस सूत्रों की मानें तो होटल संचालक के पुत्र के मोबाइल से अवैध रूप से कमरा उपलब्ध कराने सहित कई सुराग मिले हैं।
इसमें कई लड़कियों की तस्वीर और वीडियो भी मिले हैं। इससे कई राज खुलने की संभावना व्यक्त की जा रही है। ऐसी स्थिति में आरोपित नहीं रहने के बाद भी होटल संचालक की मुश्किलें बढ़ सकती है। अवैध रूप से कमरा बुकिंग करने के आरोप में पहले ही होटल संचालक पुलिस की रडार पर है।
अब होटल के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से छेड़छाड़ करने का भी आरोप भी सामने आया है। होटल के सीसीटीवी कैमरे से फुटेज उपलब्ध नहीं कराने पर पुलिस ने सोमवार को डीवीआर जब्त कर लिया। जब इसे तकनीकी सेल की मदद से खंगाला गया तो कई फुटेज डिलीट पाए गए। जिसे तकनीकी सेल की टीम बैकअप से निकालने में जुटी है।
अब तक अनुसंधान से यह स्पष्ट हो गया है कि होटल संचालक अवैध रूप से लोगों को कमरा उपलब्ध कराता था। यही कारण है कि पुलिस घटना से पहले और घटना के बाद का भी फुटेज खंगाल रही है। ताकि, संचालक के खिलाफ ठोस साक्ष्य मिल सके।
अब घंटे पर नहीं मिलेगा होटल में कमरा
बहरहाल, पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है, लेकिन प्राथमिकी दर्ज होने के सातवें दिन भी पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है। उधर, होटल संचालक पर शिकंजा कसने से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है। होटलों में घंटा पर कमरा उपलब्ध कराने के खेल पर ब्रेक लग गया है।
स्कूल के बाहर छात्रा को किया अगवा
बता दें कि नगर थाना क्षेत्र की पीड़िता छात्रा 13 मई को अपनी कक्षा से बाहर निकली। इस बीच नाका नंबर पांच के पास उसे आरडी एक्स राज और प्रियांशु नामक युवक जबरन बाइक पर बिठाकर लहेरियासराय स्थित आरआर पैलेस होटल के कमरा नंबर 204 में ले गए। यहां पूर्व से बहादुरपुर थाना क्षेत्र के तरौनी के गनीपुर मोहल्ला निवासी विपुल मौजूद था।
दरभंगा से समस्तीपुर ले जाकर किया दुष्कर्म
इसके बाद सभी ने बारी-बारी से छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। शाम में विपुल उसे अपने दोस्त अनुराग और भाई की मदद से टेंपो से दरभंगा स्टेशन ले गए। जहां विपुल पीड़िता को समस्तीपुर स्टेशन पर लेकर उतर गया। इसके बाद शिबू पासवान सहित अन्य युवकों की मदद से उसे बेहोश कर स्कार्पियो से मधुबनी ले जाया गया।
रात में विपुल सहित उसके सभी दोस्तों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इसके बाद पीड़िता को दूसरे दिन घर के पास लाकर छोड़ दिया। इसके बाद पीड़िता ने 17 मई को महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।