रामकृपाल का आरोप: नीतीश रावण, कराई आठ हजार यादवों की हत्या
नीतीश कुमार ने आठ हजार यादवों की हत्या करवाई। नीतीश रावण हैं और जीतन राम मांझी विभीषण। एनडीए मांझी के साथ मिलकर नया बिहार बनाएगा। ये बातें केंद्रीय राज्यमंत्री रामकृपाल यादव ने मंगलवार को यहां पत्रकारों से बातें करते हुए कही। वे अररिया जाने के क्रम में दरभंगा में रुके
दरभंगा। नीतीश कुमार ने आठ हजार यादवों की हत्या करवाई। नीतीश रावण हैं और जीतन राम मांझी विभीषण। एनडीए मांझी के साथ मिलकर नया बिहार बनाएगा। ये बातें केंद्रीय राज्यमंत्री रामकृपाल यादव ने मंगलवार को यहां पत्रकारों से बातें करते हुए कही। वे अररिया जाने के क्रम में दरभंगा में रुके थे।
रामकृपाल यादव ने कहा कि राजद-जदयू और कांग्रेस तीनों पार्टियां अस्तित्वविहीन हो चुकी हैं। भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर स्वार्थवश यह गठबंधन हुआ है।
उन्होंने कहा कि जनता द्वारा नकारे जाने के बाद लालू प्रसाद, नीतीश कुमार से मिल गए। भाजपा से विश्वासघात करने के बाद बिहार और नीतीश कुमार का इमेज दागदार हो गया है। सूबे में विकास के नाम पर लूट मची है। केंद्रीय राशि का दुरुपयोग हो रहा है। अब जनता इसे बर्दाश्त नहीं करनेवाली है।
केंद्रीय पेयजल व स्वच्छता राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पद का चेहरा केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा। केंद्र सरकार युवाओं के विकास के प्रति कृतसंकल्पित है। यहां हर जिले में कौशल विकास केंद्र खुलेगा। इसका विश्वविद्यालय भी बिहार में ही होगा।